संजीव कुमार मिश्रा (देवघर से)
Sawan Doosra Somwar 2026: श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण के लिए रविवार देर रात से ही कांवरियों की कतार लगनी शुरू हो गई थी. सोमवार सुबह तक मुख्य अर्घा से जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की कतार बाबा मंदिर से करीब 20 किलोमीटर दूर कुमैठा स्टेडियम तक पहुंच गई. वहीं, बाय अर्घा से जलार्पण करने वाले कांवरियों की कतार सरदार पंडा लाइन, शिवगंगा लेन और वीआईपी गेट के सामने तक फैली रही. प्रशासनिक अनुमान के अनुसार बाय अर्घा की कतार में करीब 70 से 80 हजार श्रद्धालु शामिल रहे.
सुबह 3:05 बजे खोला गया बाबा मंदिर का पट
परंपरा के अनुसार सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट अहले सुबह 3:05 बजे खोला गया. पट खुलने के बाद सबसे पहले पुरोहित समाज के लोगों ने बाबा भोलेनाथ की कच्चा जल पूजा संपन्न की. करीब 15 मिनट तक चली इस विशेष पूजा में बाबा पर जल अर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की गई. इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण की तैयारी शुरू की गई.
सरदार पंडा ने विधि-विधान से की विशेष पूजा
कच्चा जल पूजा के बाद बाबा मंदिर के महंत सरदार पंडा श्री श्री गुलाब नंद ओझा ने विधि-विधान के साथ बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की. पूजा के दौरान बाबा को दूध, दही, घी और मधु समेत अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई. महंत ने सावन की दूसरी सोमवारी पर विश्व शांति और लोक कल्याण की कामना की.
ये भी पढ़ें: सावन सोमवार और प्रदोष के महासंयोग पर ऐसे करें महादेव का अभिषेक
सुबह 4:10 बजे शुरू हुआ आम श्रद्धालुओं का जलार्पण
विशेष पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 4:10 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे. कांवरिया रूट पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
