खरमास के दौरान इन कामों से करें परहेज, जानें क्या करना है शुभ

Kharmas 2026: हिंदू धर्म में खरमास को अशुभ अवधि माना जाता है. इस समय कुछ कार्य करना शुभ माना जाता है, जबकि कुछ कार्य करना वर्जित होता है. आइए जानते हैं कि वे कौन-कौन से कार्य हैं.

Kharmas 2026: जब सूर्य देव बृहस्पति ग्रह की राशि धनु या मीन में प्रवेश करते हैं, तब खरमास की शुरुआत होती है. यह अवधि लगभग एक महीने तक चलती है. मान्यता है कि इस समय सूर्य देव का तेज कुछ कम हो जाता है, जिस कारण इस दौरान किसी भी प्रकार के मांगलिक कार्य करना शुभ नहीं माना जाता है. साल में दो बार खरमास लगता है. वर्ष 2026 में पहला खरमास 15 मार्च से शुरू होने जा रहा है. आइए जानते हैं कि इस दौरान क्या करना चाहिए और क्या नहीं.

खरमास में क्या करें?

खरमास के दौरान व्यक्ति को धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए.

  • प्रतिदिन सूर्य देव को तांबे के लोटे में जल, लाल फूल और अक्षत डालकर अर्घ्य दें.
  • गरीबों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र या तिल का दान करना बहुत फलदायी माना जाता है.
  • खरमास में भगवान विष्णु और श्री कृष्ण की पूजा का विशेष महत्व होता है. ‘विष्णु सहस्रनाम’ का पाठ करना लाभकारी माना जाता है.
  • यदि संभव हो, तो किसी पवित्र नदी (गंगा, यमुना आदि) में स्नान करें.
  • इस समय भगवान विष्णु और सूर्य देव के मंत्रों का जाप करना चाहिए. माना जाता है कि इससे मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है.

खरमास में क्या नहीं करना चाहिए?

खरमास के समय कुछ कार्यों को करना अशुभ माना जाता है.

  • इस दौरान शादी, सगाई, तिलक या रोका जैसे विवाह संबंधी संस्कार नहीं करने चाहिए.
  • नए घर में प्रवेश, नींव पूजन या भूमि पूजन खरमास के समय करना वर्जित माना जाता है.
  • नए व्यवसाय की शुरुआत, नई दुकान या दफ्तर खोलना भी इस समय टालना चाहिए.
  • बच्चों का मुंडन संस्कार, कान छेदन या जनेऊ संस्कार इस अवधि में नहीं किए जाते हैं.
  • नया वाहन, कीमती आभूषण या नई प्रॉपर्टी खरीदने को भी इस समय टालने की सलाह दी जाती है.

यह भी पढ़ें: Kharmas 2026: आखिर क्यों लगता है खरमास? पौराणिक कथाओं में छिपा है इसका रहस्य

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Neha Kumari

नेहा कुमारी प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें लेखन के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. पिछले छह महीनों से वे राशिफल और धर्म से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. उनका मुख्य कार्य व्रत-त्योहारों, पौराणिक कथाओं और भारतीय रीति-रिवाजों से जुड़ी जानकारी को सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाना है. नेहा का हमेशा यह प्रयास रहता है कि वे कठिन से कठिन विषय को भी इतना आसान और रोचक बना दें कि हर कोई उसे सहजता से पढ़ और समझ सके. उनका मानना है कि यदि धर्म और संस्कृति से जुड़ी जानकारी सरल शब्दों में मिले, तो लोग अपनी परंपराओं से बेहतर तरीके से जुड़ पाते हैं. डिजिटल मीडिया में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने प्रभात खबर में ही ‘नेशनल’ और ‘वर्ल्ड’ डेस्क पर छह महीने की इंटर्नशिप के साथ की थी. इस दौरान उन्होंने रियल-टाइम खबरों पर काम करना, तेजी और सटीकता के साथ कंटेंट लिखना, ट्रेंडिंग विषयों की पहचान करना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को करीब से समझा. इस अनुभव ने उनकी न्यूज़ सेंस, लेखन क्षमता और खबरों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की समझ को और अधिक मजबूत बनाया.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >