Hariyali Teej: हरियाली तीज 15 अगस्त 2026, शनिवार के दिन मनाई जाएगी. यह पर्व सावन माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है. यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन की स्मृति में मनाया जाता है. ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा के अनुसार, यदि इस दिन पति-पत्नी मिलकर कुछ विशेष उपाय करते हैं, तो उनके बीच के मनमुटाव दूर हो सकते हैं और वैवाहिक संबंध मजबूत हो सकते हैं.
संयुक्त शिव-पार्वती पूजा और रुद्राभिषेक
हरियाली तीज के अवसर पर पति-पत्नी को एक साथ बैठकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करनी चाहिए. शिवलिंग पर गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित करें. पूजा के दौरान साथ मिलकर 'ॐ नमः शिवाय' और 'ॐ उमामहेश्वराभ्यां नमः' मंत्र का जाप करें. मान्यता है कि इससे पति-पत्नी के बीच आपसी प्रेम और सामंजस्य बढ़ता है.
यह भी पढ़ें: सिंधारा: हरियाली तीज पर मायके से क्या भेजें?
श्रृंगार सामग्री और वस्त्र दान
हरियाली तीज पर सुहाग की वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है. पति अपनी पत्नी को हरे रंग की साड़ी, हरी चूड़ियां या श्रृंगार की सामग्री भेंट कर सकते हैं. इसके बाद दंपत्ति मिलकर किसी सुहागिन महिला को सुहाग की वस्तुएं और फल दान करें. मान्यता है कि ऐसा करने से वैवाहिक जीवन में सौभाग्य और खुशहाली आती है.
पौधे लगाने का संकल्प
हरियाली तीज प्रकृति और हरियाली से जुड़ा पर्व भी है. पति-पत्नी मिलकर घर के आंगन या किसी मंदिर परिसर में बेलपत्र, तुलसी या पारिजात का पौधा लगा सकते हैं. मान्यता है कि पौधे की देखभाल साथ मिलकर करने से पति-पत्नी के बीच भावनात्मक जुड़ाव और आपसी प्रेम बढ़ता है.
यह भी पढ़ें: सोलह श्रृंगार और अखंड सौभाग्य का वरदान: हरियाली तीज पर जानें सिर से पांव तक सजने का धार्मिक अर्थ
यह भी पढ़ें: हरियाली तीज पर क्यों पहना जाता है हरा रंग? जानिए इसके पीछे का धार्मिक रहस्य और वैज्ञानिक कारण
