Eid ul Fitr 2026: ईद का मतलब ही खुशी होता है और यही इस पर्व की सबसे बड़ी पहचान है. इस्लाम में मुख्य रूप से दो प्रमुख त्योहारों का उल्लेख मिलता है— ईद-उल-फितर और ईद-उल-अजहा. रमजान के पवित्र महीने के पूरा होने की खुशी में मनाई जाने वाली ईद-उल-फितर को “मीठी ईद” या “छोटी ईद” भी कहा जाता है, जबकि हज की पूर्णता पर मनाई जाने वाली ईद-उल-अजहा को “बकरीद” या “बड़ी ईद” कहा जाता है. रमजान के पूरे महीने रोजा रखने के बाद ईद-उल-फितर मुसलमानों के लिए अल्लाह का शुक्र अदा करने का दिन होता है. यह दिन केवल उत्सव का नहीं, बल्कि कृतज्ञता, संयम और आध्यात्मिक संतोष का प्रतीक भी है.
रोजों के बाद शुकराने की नमाज
रमजान के दौरान मुसलमान सूर्योदय से सूर्यास्त तक रोज़ा रखते हैं, जो आत्मसंयम, धैर्य और इबादत का प्रतीक होता है. पूरे महीने इबादत करने के बाद ईद-उल-फितर की नमाज पढ़ी जाती है, जिसे अल्लाह के प्रति आभार प्रकट करने का माध्यम माना जाता है.
इस नमाज़ में मुसलमान यह दुआ करते हैं कि अल्लाह ने उन्हें सेहत, ताकत और अवसर दिया कि वे रमजान के पवित्र महीने में रोज़ा रख सकें और नेक काम कर सकें. साथ ही आने वाले वर्ष के लिए अच्छी सेहत और हलाल रोज़ी की भी दुआ की जाती है.
बच्चों की खुशियों वाली मीठी ईद
ईद-उल-फितर को “मीठी ईद” इसलिए कहा जाता है क्योंकि इस दिन घर-घर में मीठे पकवान बनाए जाते हैं, खासकर सेवइयां. बच्चों के लिए यह त्योहार बेहद खास होता है. सुबह नमाज़ के बाद सबसे पहले बच्चों को मीठी सेवइयां खिलाई जाती हैं. इसके बाद वे पड़ोसियों और रिश्तेदारों के घर जाकर मिठाइयां और पकवान बांटते हैं. इस परंपरा का उद्देश्य बच्चों में साझा करने और आपसी प्रेम का भाव विकसित करना होता है.
रास्ता बदलकर लौटने की परंपरा
पढ़ने के लिए जाया जाता है, उसी रास्ते से वापस नहीं लौटा जाता. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों से मिलना-जुलना, उनका हाल-चाल पूछना और समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाना होता है. इस अवसर पर लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते हैं और आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं.
कब्रिस्तान जाकर दुआ करने की परंपरा
ईद की नमाज के बाद कई लोग अपने दिवंगत परिजनों की कब्रों पर भी जाते हैं. वहां वे अपने रिश्तेदारों और समाज के अन्य दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए दुआ करते हैं. पहले समय में जब संचार के साधन सीमित थे, बुजुर्ग गांव और मोहल्ले के घर-घर जाकर लोगों को ईद की मुबारकबाद देते थे. इस दौरान वे एक-दूसरे के घर के पकवान चखते और साथ ही यह भी जानने की कोशिश करते कि कहीं कोई परिवार आर्थिक या सामाजिक परेशानी में तो नहीं है.
ये भी पढ़ें: ईद-उल-फितर देता है दुश्मनों को भी गले लगाने का पैगाम
फितरा और जकात: जरूरतमंदों की मदद का संदेश
ईद-उल-फितर को खास बनाने वाली एक महत्वपूर्ण परंपरा फितरा है. ईद की नमाज़ से पहले हर सक्षम मुसलमान को फितरा देना जरूरी माना जाता है. यह एक छोटी राशि होती है, जो गरीब और जरूरतमंद लोगों के अधिकार के रूप में दी जाती है. इसके अलावा इस्लाम में जकात का भी विशेष महत्व है. जकात का अर्थ है अपनी सालाना कमाई का लगभग ढाई प्रतिशत हिस्सा जरूरतमंदों, अनाथों, बुजुर्गों और असहाय लोगों को देना. इस प्रकार ईद-उल-फितर केवल खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, करुणा और सामाजिक समानता का संदेश देने वाला त्योहार भी है.
