सलिल पांडेय, मिर्जापुर
Eid 2026: ईद शब्द की जड़ “ऊद” से मानी जाती है, जिसका अरबी, फारसी और उर्दू में अर्थ खुशबू है, जबकि संस्कृत में इसका अर्थ जल होता है. इन दोनों अर्थों को मिलाकर देखा जाए तो ईद हमें जीवन की दो महत्वपूर्ण सीख देती है—व्यक्तित्व की पवित्रता और संवेदनशीलता. जैसे खुशबू अपने आसपास के वातावरण को मोहक बना देती है, वैसे ही एक अच्छे इंसान के कर्म समाज में सकारात्मकता फैलाते हैं.
वहीं जल का अर्थ हमें यह याद दिलाता है कि मनुष्य के भीतर संवेदनाओं का प्रवाह बना रहना चाहिए. जब यह संवेदना सूख जाती है, तो व्यक्ति कठोर हो जाता है. इस प्रकार ईद हमें भीतर से कोमल, पवित्र और सहृदय बनने की प्रेरणा देती है.
ईद-उल-फितर का महत्व
इस्लामिक कैलेंडर के दसवें महीने शव्वाल के चांद के दिखने के साथ ईद-उल-फितर मनाई जाती है. इसे “मीठी ईद” भी कहा जाता है. “ईद” का अर्थ खुशी और “फितर” का अर्थ नाश्ता या रोजा खोलना है, जो आनंद और उल्लास का प्रतीक है. यह पर्व रमजान के पूरे महीने की तपस्या और संयम के बाद आता है. मान्यता है कि इसी दिन पैगंबर मुहम्मद को कुरआन का ज्ञान प्राप्त हुआ था, इसलिए इसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है.
जकात और फितरा: सेवा का संदेश
ईद का असली सार सिर्फ खुशी मनाना नहीं, बल्कि उसे साझा करना है. इस्लाम में ज़कात देना अनिवार्य माना गया है, जिसमें अपनी आय का ढाई प्रतिशत जरूरतमंदों को देना होता है. यदि यह कर्तव्य नहीं निभाया गया, तो रोजे अधूरे माने जाते हैं. फितरा एक प्रकार की दान व्यवस्था है, जो सीमित नहीं है. इसमें व्यक्ति अपनी क्षमता अनुसार गरीबों, यतीमों, बीमारों और असहाय लोगों की मदद कर सकता है. यह सामाजिक समानता और करुणा का संदेश देता है.
एकता और भाईचारे का प्रतीक
ईद की नमाज में बड़ी संख्या में लोग एक साथ इकट्ठा होते हैं, जो समाज में एकता और भाईचारे का प्रतीक है. यह पर्व हमें सिखाता है कि सच्ची खुशी दूसरों के साथ बांटने में है.
