अप्रैल में कब पड़ रही है चैत्र पूर्णिमा? जानें तिथि, मुहूर्त और पूजा विधि

Chaitra Purnima 2026: हिंदू धर्म में चैत्र पूर्णिमा का खास महत्व है क्योंकि माना जाता है इसी दिन पवनपुत्र हनुमान जी का जन्म हुआ था. साल 2026 में इसकी तिथि को लेकर थोड़ा भ्रम है, क्योंकि यह 1 और 2 अप्रैल दोनों दिन पड़ रही है. ऐसें में आइए जानते हैं चैत्र पूर्णिमा की सही तिथि और शुभ मुहूर्त.

Chaitra Purnima 2026: हिंदू कैलेंडर के अनुसार एक साल में 12 पूर्णिमा तिथियां आती हैं. इस हिसाब से हर महीने एक पूर्णिमा होती है. चैत्र मास में पड़ने वाली पूर्णिमा को चैत्र पूर्णिमा कहा जाता है. इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान, भगवान विष्णु की पूजा और मंत्रोच्चारण का विशेष महत्व है. यह हिंदू नववर्ष की पहली पूर्णिमा होती है. स्कंद पुराण और भविष्य पुराण के अनुसार, इसी दिन हनुमान जी का जन्म हुआ था. इसलिए इस पावन तिथि पर संकटमोचन हनुमान जी का जन्मोत्सव यानी हनुमान जयंती भी मनाई जाती है.

चैत्र पूर्णिमा 2026: तिथि और शुभ मुहूर्त

साल 2026 में पूर्णिमा तिथि दो दिन 1 अप्रैल और 2 अप्रैल को पड़ रही है, जिस कारण व्रत और स्नान-दान की तिथियों को लेकर थोड़ा मतभेद हो सकता है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार मुख्य विवरण इस प्रकार हैं:

  • पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ: 1 अप्रैल 2026, बुधवार को सुबह 07:06 बजे से
  • पूर्णिमा तिथि का समापन: 2 अप्रैल 2026, गुरुवार को सुबह 07:41 बजे तक

व्रत और स्नान की सही तारीख

  • पूर्णिमा व्रत: 1 अप्रैल को पूर्णिमा व्रत और चंद्र पूजन किया जाएगा, क्योंकि शास्त्रों के अनुसार जिस दिन शाम और रात के समय पूर्णिमा तिथि होती है, उसी दिन चंद्रमा की पूजा और उपवास करना श्रेष्ठ माना जाता है.
  • स्नान-दान और हनुमान जयंती : उदयातिथि के अनुसार 2 अप्रैल को स्नान-दान और हनुमान जयंती का पर्व मनाया जाएगा.

शाम की पूजा

पूर्णिमा व्रत और चंद्रमा की पूजा 1 अप्रैल की शाम को की जाएगी.

  • इस दिन शाम के समय भगवान विष्णु के सामने सत्यनारायण कथा सुनें या पढ़ें और उन्हें पीले फूल व फल अर्पित करें.
  • चंद्रमा के उदय होने पर एक लोटे में जल, थोड़ा कच्चा दूध, अक्षत और चीनी डालकर ‘ॐ सों सोमाय नमः’ मंत्र का जाप करते हुए अर्घ्य दें.
  • पूजा के बाद अपनी सामर्थ्य के अनुसार सफेद वस्तुएं जैसे चावल, चीनी या दूध जरूरतमंदों को दान करें.

सुबह की पूजा

चूंकि 2 अप्रैल को उदयातिथि में हनुमान जयंती और पूर्णिमा है, इसलिए सुबह की पूजा इस प्रकार करें:

  • सूर्योदय से पहले उठकर पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें.
  • हाथ में जल लेकर व्रत और हनुमान जी की भक्ति का संकल्प लें.
  • हनुमान जी की प्रतिमा को लाल फूल, सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करें.
  • उन्हें मोतीचूर के लड्डू या गुड़-चना का भोग लगाएं.
  • इस दिन हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करना सबसे उत्तम माना जाता है.
  • अंत में आरती करें.

यहां पढ़ें धर्म से जुड़ी बड़ी खबरें: Religion News in Hindi – Spiritual News, Hindi Religion News, Today Panchang, Astrology at Prabhat Khabar

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Neha Kumari

नेहा कुमारी प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें लेखन के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. पिछले छह महीनों से वे राशिफल और धर्म से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. उनका मुख्य कार्य व्रत-त्योहारों, पौराणिक कथाओं और भारतीय रीति-रिवाजों से जुड़ी जानकारी को सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाना है. नेहा का हमेशा यह प्रयास रहता है कि वे कठिन से कठिन विषय को भी इतना आसान और रोचक बना दें कि हर कोई उसे सहजता से पढ़ और समझ सके. उनका मानना है कि यदि धर्म और संस्कृति से जुड़ी जानकारी सरल शब्दों में मिले, तो लोग अपनी परंपराओं से बेहतर तरीके से जुड़ पाते हैं. डिजिटल मीडिया में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने प्रभात खबर में ही ‘नेशनल’ और ‘वर्ल्ड’ डेस्क पर छह महीने की इंटर्नशिप के साथ की थी. इस दौरान उन्होंने रियल-टाइम खबरों पर काम करना, तेजी और सटीकता के साथ कंटेंट लिखना, ट्रेंडिंग विषयों की पहचान करना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को करीब से समझा. इस अनुभव ने उनकी न्यूज़ सेंस, लेखन क्षमता और खबरों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की समझ को और अधिक मजबूत बनाया.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >