Hindu fasting rules During Periods: महिलाओं के मन में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या व्रत के दौरान पीरियड्स आने पर उपवास रखा जा सकता है. शास्त्रों और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मासिक धर्म के समय महिलाएं व्रत रख सकती हैं, लेकिन पूजा-पाठ से जुड़े कुछ नियमों का पालन करना आवश्यक माना गया है. इस दौरान प्रत्यक्ष पूजा करने के बजाय मानसिक रूप से भगवान का ध्यान करना अधिक उचित बताया गया है.
मानसिक रूप से करें पूजा और व्रत
धार्मिक मान्यता के अनुसार पीरियड्स के समय महिलाएं व्रत रख सकती हैं, लेकिन पूजा में उपयोग होने वाली वस्तुओं को स्पर्श करने से बचना चाहिए. इस दौरान केवल मन से भगवान का स्मरण और ध्यान करना शुभ माना गया है. महिलाएं मोबाइल फोन के माध्यम से व्रत कथा या धार्मिक कहानी पढ़ सकती हैं, लेकिन धार्मिक ग्रंथों और पूजन सामग्री को हाथ न लगाने की सलाह दी जाती है.
व्रत के नियमों का करें पालन
शास्त्रों में कहा गया है कि बिना प्रत्यक्ष पूजा किए भी व्रत का पूर्ण फल प्राप्त किया जा सकता है. इसके लिए जरूरी है कि व्यक्ति व्रत के सभी नियमों का श्रद्धा और विश्वास के साथ पालन करे. इस दौरान किसी की निंदा, बुराई या अपशब्दों से दूर रहना चाहिए. साथ ही जिस देवी-देवता का व्रत रखा गया हो, उनके मंत्रों का मानसिक जाप करना लाभकारी माना गया है.
परिवार के सदस्य कर सकते हैं पूजा
यदि घर में कोई अन्य सदस्य पूजा करने वाला हो, तो उनसे पूजा करवाना उचित माना जाता है. महिलाएं थोड़ी दूरी पर बैठकर पूजा-विधि देख सकती हैं और मन ही मन भगवान का ध्यान कर सकती हैं. यदि सूर्य देव या चंद्रमा को जल अर्पित करना हो, तो यह कार्य भी परिवार के किसी अन्य सदस्य से करवाना चाहिए.
आस्था और श्रद्धा सबसे महत्वपूर्ण
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार व्रत का मूल आधार श्रद्धा, विश्वास और सकारात्मक भावना होती है. इसलिए पीरियड्स के दौरान भी सच्चे मन से किया गया व्रत पूर्ण माना जाता है.
