Kendra Adhipati Dosh: ज्योतिष में केंद्राधिपति दोष का नाम सुनते ही एक सवाल सामने आता है कि शुभ ग्रह आखिर अशुभ कैसे हो सकता? इसका जवाब सिर्फ ग्रह के स्वभाव में नहीं है. इसे समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि वह ग्रह किस भाव का स्वामी है और वह भाव किन चीजों का प्रतिनिधित्व करता है. इसे समझने के लिए सबसे पहले यह जानना होगा कि केंद्र भाव क्या होते हैं.
ज्योतिष में सूर्योदय, दोपहर, सूर्यास्त और मध्यरात्रि की इस यात्रा को क्रमशः पहला, चौथा, सातवां और दसवां भाव माना जाता है. इन्हीं भावों को केंद्र भाव कहा जाता है. इनके स्वामी को केंद्रेश या केंद्राधिपति कहा जाता है.
केंद्र भाव हमारे जीवन में होने वाली गतिविधियों और कर्म से जुड़े हैं. किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमें लगातार प्रयास करने पड़ते हैं. इस दौरान कई तरह की परिस्थितियां सामने आती हैं, जिन्हें पार करते हुए हमें अपने काम को आगे बढ़ाना होता है. इस लिहाज से केंद्र भाव हमारे कर्म, गतिविधि और लक्ष्य की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों को भी दर्शाते हैं.
शुभ ग्रह अशुभ क्यों हो जाता है?
शुभ ग्रह से हम आमतौर पर ज्ञान, समझ, सलाह और सही दिशा की उम्मीद करते हैं. लेकिन, जब वही ग्रह किसी केंद्र भाव का स्वामी बनता है, तो उसकी भूमिका सिर्फ सलाह देने तक सीमित नहीं रहती. अब उसे किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिम्मेदारी उठानी पड़ती है और प्रयास भी करने पड़ते हैं. यानी गुरु जैसे शुभ ग्रह को भी सिर्फ रास्ता दिखाने वाला नहीं रहना है, बल्कि जरूरत पड़ने पर खुद मैदान में उतरकर काम पूरा करना है. यहीं से केंद्राधिपति दोष को समझने की पहली कड़ी सामने आती है.
जब किसी शुभ ग्रह को लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने पड़ते हैं, जिम्मेदारियां उठानी पड़ती हैं और परिस्थितियों से जूझना पड़ता है, तो उसकी स्वाभाविक सहजता पर दबाव आ सकता है. यही वजह है कि शुभ ग्रह केंद्र का स्वामी बनने पर कार्यात्मक रूप से अलग भूमिका निभाने लगता है.
अशुभ ग्रह के मामले में क्या होता है?
अब इसके उलट किसी स्वाभाविक अशुभ ग्रह को देखें. उसके साथ आम तौर पर संघर्ष, दबाव, अनुशासन, कठोरता और मेहनत जैसे गुण जुड़े होते हैं. लेकिन, जब ऐसा ग्रह किसी केंद्र भाव का स्वामी बनता है, तो लक्ष्य हासिल करने और काम पूरा करने की जिम्मेदारी उसके हिस्से में भी आती है. ऐसी स्थिति में उसे सिर्फ बाधा पैदा करने वाली भूमिका में नहीं रहना होता, बल्कि काम को आगे बढ़ाने और पूरा करने के लिए अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल करना पड़ता है.
यानी जिस ग्रह की पहचान संघर्ष और कभी-कभी परेशानी या रुकावट पैदा करने से जुड़ी होती है, वही जब किसी काम को पूरा करने की जिम्मेदारी संभालता है तो उसकी यही खूबियां उपयोगी साबित हो सकती हैं. ऐसे में उसकी स्वाभाविक अशुभता का प्रभाव कुछ हद तक कम हो सकता है.
सीधी भाषा में कहें तो, शुभ ग्रह को जब किसी लक्ष्य के लिए लगातार मेहनत और जिम्मेदारी उठानी पड़ती है, तो वह कार्यात्मक रूप से अशुभ भूमिका में आ सकता है. वहीं, अशुभ ग्रह जब किसी जिम्मेदारी को पूरा करने में जुटता है, तो उसकी स्वाभाविक अशुभता का असर कुछ कम हो सकता है.
केंद्र के साथ दूसरे भाव की जिम्मेदारी
अब एक दूसरी स्थिति को समझिए. अगर कोई ग्रह केंद्र भाव का स्वामी होने के साथ-साथ केंद्र और त्रिकोण के अलावा किसी दूसरे भाव का भी मालिक है, तो उसके ऊपर एक अतिरिक्त जिम्मेदारी आ जाती है. केंद्र और त्रिकोण के अलावा बाकी भावों की भी अपनी अलग प्रकृति होती है. इनमें से कई भाव जीवन की चुनौतियों, संघर्षों, बाधाओं और उन परिस्थितियों को दिखाते हैं जो हमारे सामान्य जीवन-प्रवाह में रुकावट पैदा कर सकती हैं.
ऐसे में केंद्रेश को केवल प्रयास करके लक्ष्य हासिल करने की जिम्मेदारी नहीं निभानी पड़ती, बल्कि दूसरे भाव के स्वामित्व के कारण उससे जुड़ी परिस्थितियों को भी संभालना पड़ता है. यानी एक तरफ उसे कर्म और प्रयास की दिशा में काम करना है, तो दूसरी तरफ ऐसे भाव की जिम्मेदारी भी उठानी है जो जीवन में चुनौती या रुकावट से जुड़ा हो. इसे भी केंद्राधिपति दोष को समझने की एक दिशा माना जा सकता है.
ये भी पढ़ें: Astro Special: क्या होता है ज्योतिष का संधि काल गंडांत? शुभ कार्यों के लिए अशुभ क्यों
एक ग्रह, दो दिशाएं
अगर कोई ग्रह लग्न को छोड़कर एक से अधिक केंद्र भावों का स्वामी बनता है, तो उसके ऊपर एक से ज्यादा क्षेत्रों की जिम्मेदारी आ जाती है. इन दोनों क्षेत्रों की जरूरतें हमेशा एक जैसी हों, यह जरूरी नहीं है. ऐसे में एक ही ग्रह को अपनी ऊर्जा और प्रयास दो अलग दिशाओं में लगाने पड़ सकते हैं. एक तरफ एक तरह के लक्ष्य को पूरा करने की जरूरत हो सकती है और दूसरी तरफ किसी दूसरे क्षेत्र की जिम्मेदारी सामने आ सकती है.यही अतिरिक्त जिम्मेदारी कई बार ग्रह पर दबाव बढ़ा देती है. इसे भी केंद्राधिपति दोष के एक अन्य पहलू के रूप में समझा जा सकता है.
केंद्राधिपति दोष है क्या?
केंद्राधिपति दोष को सिर्फ यह कहकर समझ लेना कि “शुभ ग्रह अशुभ हो जाता है”, पूरी बात नहीं है. ग्रह वही रहता है. उसका मूल स्वभाव भी अपनी जगह रहता है. बदलती है तो उसकी भूमिका. कुंडली में वह किन भावों का मालिक है, उन भावों से उसके ऊपर कौन-कौन सी जिम्मेदारियां आती हैं और ये जिम्मेदारियां आपस में किस तरह जुड़ती हैं. इन्हीं बातों से उसकी कार्यात्मक भूमिका समझ में आती है.
ये भी पढ़ें: Gandant Dosh: कुंडली में गंडांत दोष है या नहीं? चंद्रमा, गुरु और इन योगों से ऐसे समझें इसका असली प्रभाव
आसान शब्दों में कहें तो दोष हमेशा ग्रह के भीतर नहीं होता. बात उस भूमिका की भी है, जो उसे कुंडली में निभानी पड़ रही है. अलग-अलग भावों की जिम्मेदारियां जब एक ही ग्रह के हिस्से में आती हैं, तो उनके आपसी संबंध से उस ग्रह के फल देने का तरीका भी बदल सकता है. यही नजरिया केंद्राधिपति दोष को केवल “शुभ ग्रह के अशुभ होने” की धारणा से आगे ले जाकर समझने में मदद करता है.
- काशी से ज्योतिषाचार्य पं. प्रशांत पांडे