बिना थर्ड पार्टी इंश्योरेंस वाले वाहनों पर सुप्रीम कोर्ट का नया निर्देश, जानिए इससे आपका क्या होगा फायदा

क्या बिना थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के वाहन चलाना सिर्फ चालान का मामला है? सुप्रीम कोर्ट ने इसे सड़क हादसे के पीड़ितों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया और थर्ड पार्टी इंश्योरेंस को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं.जानिए इससे आम लोगों को क्या फायदा होगा.

क्या आप भी उन लोगों में से हैं, जो सोचते हैं कि थर्ड पार्टी इंश्योरेंस न होने पर क्या ही होगा... ज्यादा से ज्यादा चालान कट जाएगा? अगर हां, तो सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी आपके लिए जानना बेहद जरूरी है.

4 अगस्त को एक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि बिना वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के सड़क पर वाहन चलाना सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि किसी सड़क हादसे के पीड़ित के साथ गंभीर अन्याय भी है. अदालत ने केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, पुलिस और बीमा कंपनियों को मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के लिए कई निर्देश और सुझाव दिए हैं, ताकि बिना इंश्योरेंस वाले वाहनों पर लगाम लगाई जा सके और सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को समय पर मुआवजा मिल सके.

लेकिन आखिर सुप्रीम कोर्ट को इतनी सख्ती क्यों करनी पड़ी? कोर्ट ने क्या-क्या निर्देश दिए हैं? और इसका असर आप पर कैसे पड़ेगा? आइए आसान भाषा में पूरी बात समझते हैं.

पहले समझते हैं यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक कैसे पहुंचा?

दरअसल, यह पूरा मामला साल 1996 की एक सड़क दुर्घटना से जुड़ा है, जिसमें टी. रामू की मौत हो गई थी.

  • शुरुआत में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद मामला तेलंगाना हाई कोर्ट पहुंचा.
  • हाई कोर्ट ने रिकॉर्ड की जांच के बाद माना कि संबंधित वाहन Comprehensive Insurance Policy के तहत बीमित था. इसी आधार पर अदालत ने मृतक के परिवार को 10.005 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया.
  • लेकिन इस फैसले को बीमा कंपनी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी. सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए साफ कहा कि तकनीकी आधार पर सड़क दुर्घटना के पीड़ितों या उनके परिवार को मुआवजे से वंचित नहीं किया जा सकता.
  • इसी मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने देश में बड़ी संख्या में बिना वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस वाले वाहनों पर चिंता जताई और केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, पुलिस तथा बीमा कंपनियों को कानून का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के लिए कई निर्देश दिए.

अब समझिए सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा

  • भारत में हर साल लाखों सड़क हादसे होते हैं. लेकिन मुश्किल सिर्फ हादसे तक सीमित नहीं रहती. असली परेशानी तब शुरू होती है, जब पीड़ितों या उनके परिवार को मुआवजा पाने के लिए सालों तक इंतजार करना पड़ता है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि देश में बड़ी संख्या में वाहन बिना वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के सड़कों पर चल रहे हैं.
  • सुप्रीम कोर्ट ने दिसंबर 2024 में संसद की स्थायी समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत में करीब 16.54 करोड़ वाहन, यानी लगभग 56 फीसदी वाहन, बिना वैध इंश्योरेंस के चल रहे हैं. अदालत ने इसे बेहद गंभीर स्थिति बताया.
  • कोर्ट ने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 146 के तहत हर वाहन के लिए थर्ड पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य है. इसका उद्देश्य सिर्फ कानून का पालन कराना नहीं, बल्कि सड़क हादसे के पीड़ितों को समय पर आर्थिक सुरक्षा और मुआवजा सुनिश्चित करना है.
  • अदालत ने यह भी कहा कि जब कानून पहले से मौजूद है, तो उसका पालन भी उतनी ही सख्ती से होना चाहिए.

क्या होता है थर्ड पार्टी इंश्योरेंस?

  • कई लोगों को लगता है कि वाहन का इंश्योरेंस सिर्फ अपनी गाड़ी के नुकसान की भरपाई के लिए होता है. लेकिन पूरी तरह से ऐसा नहीं है.
  • थर्ड पार्टी इंश्योरेंस का मकसद आपकी गाड़ी नहीं, बल्कि सड़क पर दूसरे लोगों की सुरक्षा करना है.
  • अगर आपकी गाड़ी से किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है, कोई घायल हो जाता है या किसी दूसरे की संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो ऐसे मामलों में मुआवजे की जिम्मेदारी बीमा कंपनी उठाती है.
  • लेकिन अगर वाहन का वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस नहीं है, तो पीड़ित को मुआवजा पाने के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है.
  • यही वजह है कि सुप्रीम कोर्ट ने इसे केवल नियमों के उल्लंघन का मामला नहीं, बल्कि सड़क हादसे के पीड़ितों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा माना है.

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद क्या बदल सकता है?

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का मकसद सिर्फ नियम सख्त करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सड़क पर चलने वाला हर वाहन वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के दायरे में हो. इसके लिए अदालत ने कई सुझाव और निर्देश दिए हैं.

सड़क पर ही चेक होगा इंश्योरेंस

सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि पुलिस को ऐसे डिजिटल सिस्टम उपलब्ध कराए जाएं, जिनकी मदद से मौके पर ही VAHAN पोर्टल और बीमा डेटाबेस के जरिए किसी भी वाहन का इंश्योरेंस स्टेटस चेक किया जा सके.

कैमरे से होगी बिना इंश्योरेंस वाली गाड़ी की पहचान

अदालत ने यह भी कहा है कि हाईवे और प्रमुख सड़कों पर लगे ANPR (Automatic Number Plate Recognition) कैमरों को बीमा रिकॉर्ड से जोड़ने की दिशा में काम किया जाए. इससे भविष्य में बिना वैध इंश्योरेंस वाले वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ स्वतः ई-चालान जैसी व्यवस्था विकसित की जा सकती है.

नई गाड़ी खरीदने पर लंबी अवधि का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि नई गाड़ियों के साथ लागू अनिवार्य लंबी अवधि के थर्ड पार्टी इंश्योरेंस प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोग वाहन खरीदने के कुछ समय बाद इंश्योरेंस रिन्यू कराना न भूलें और वाहन लगातार बीमित रहे.

आसान भाषा में मिलेगी इंश्योरेंस की जानकारी

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बीमा कंपनियां ग्राहकों को आसान भाषा में पॉलिसी की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें साफ तौर पर पता चल सके कि

  • थर्ड पार्टी कवर शामिल है या नहीं.
  • Own Damage Cover है या नहीं.
  • Personal Accident Cover है या नहीं.
  • Pillion Rider या Passenger Cover शामिल है या नहीं.

यानी पॉलिसी की महत्वपूर्ण जानकारी छोटे-छोटे अक्षरों में छिपी नहीं रहेगी, बल्कि ग्राहकों को आसान भाषा में समझाई जाएगी.

सरकार को दो पायलट प्रोजेक्ट पर विचार करने का सुझाव

सुप्रीम कोर्ट ने नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार को दो पायलट प्रोजेक्ट पर विचार करने का सुझाव दिया है.

  • पहला, "नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल" मॉडल. इसके तहत वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के बिना किसी वाहन को पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा. हालांकि, यह फिलहाल लागू नहीं हुआ है और सिर्फ एक प्रस्ताव है.
  • दूसरा, ऐसा सिस्टम विकसित करने का सुझाव दिया गया है, जिससे आम नागरिक भी किसी वाहन का इंश्योरेंस स्टेटस ऑनलाइन देख सकें और बिना बीमा वाले वाहनों की सूचना अधिकारियों को दे सकें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौतम कुमार

दैनिक भास्कर से शुरू हुआ ये कारवां अब प्रभात खबर तक आ पहुंचा है. पढ़ाई और पत्रकारिता की बारीकियां सीखने का सफर अभी जारी है, किताबों से भी सीख रहा हूं, लोगों से भी और खबरें तो है हीं..

पेशा पत्रकारिता का है, लेकिन जिज्ञासा उसकी सीमाओं से थोड़ी बड़ी है. राजनीति, इतिहास, साहित्य, संगीत, खेल, लोक संस्कृति या फिर मनोरंजन... जो भी नई बात मिले, उसे समझने की कोशिश करता हूं और जो भी दिलचस्प लगे, उसमें खो जाता हूं. किताब कैसी है, इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, मिल जाएं तो वक्त का पता नहीं चलता और हां, अच्छी फिल्में मिल जाएं तो फिर बाकी दुनिया थोड़ी देर के लिए इंतजार कर सकती है.

लिखना पसंद है, इसलिए रोज थोड़ा बेहतर लिखने की कोशिश करता हूं. जो पढ़ता हूं, देखता हूं, समझता हूं और लगता है कि आपकी टाइमलाइन तक पहुंचना चाहिए, वही यहां शेयर करता हूं. हो सकता है एक-आध बात पर आपकी राय अलग हो, लेकिन बातचीत और सीखने का सिलसिला शुरू हो सकता है, इसके लिए आपके सुझाव आंमत्रित है...

बाकी, खबरों के पीछे की कहानी और कहानियों के पीछे की खबर तलाशने का सिलसिला हमेशा जारी रहेगा...

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >