Jharkhand News: हजारीबाग के बड़कागांव में लहलहा रहे सरसों के फूल, पीली क्रांति से किसानों को मिलेगा लाभ

हजारीबाग के बड़कागांव में पीली क्रांति से किसानों को लाभ मिल रहा है. बड़कागांव प्रखंड के 1120 एकड़ भूमि में सरसों की खेती की गई है. इससे किसानों को अच्छी आमदनी की उम्मीद है. यहां सरसों से तेल बनाने के लिए कई कुटीर उद्योग स्थापित हैं.

By Samir Ranjan | January 3, 2023 3:00 PM

Jharkhand News: हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड में इन दिनों पीली सरसों का फूल लहलहा रहा है. बड़कागांव प्रखंड कृषि पदाधिकारी रवि रंजन ने बताया कि मौसम की बेरुखी के कारण धान की खेती उतनी नहीं हो पायी थी, लेकिन इस बार सरसों की खेती से किसान धान की भरपाई कर लेंगे. यानी पीली क्रांति से किसानों को लाभ मिलेगा.

बड़कागांव के 1120 एकड़ जमीन पर सरसों की खेती

बड़कागांव प्रखंड कृषि प्रधान क्षेत्र है. यहां लगभग 1120 एकड़ भूमि में सरसों की खेती की गई है. इससे इस क्षेत्र में पीली क्रांति आ गई. खेत में उगे सरसों के फूल लोगों को बरबस ही मनमोह ले रहा है. सरसों के फूलों से वातावरण सुहाना हो गया है. किसान अच्छी पैदावार होने की उम्मीद लगाए हुए हैं. इस बार बड़कागांव प्रखंड तथा आसपास के क्षेत्रों में सरसों तेल लोगों को आसानी से मिल सकेगा.

बड़कागांव में कई पेराई मशीन

बड़कागांव में सरसों से तेल बनाने के लिए कई कुटीर उद्योग ( तेल पेराई मशीन ) है. बड़कागांव प्रखंड के कोरियाडीह में दो, विश्रामपुर में एक, हरली में दो, कांड़तरी में दो समेत अन्य गांव में भी तेल निकालने वाली मशीन स्थापित है.

Also Read: Free Rashan: राशन के दुकान से आपको भी मिलेगा मुफ्त अनाज, जान लें ये काम की बात

इन गांव में खूब हुई है सरसों की खेती

बड़कागांव प्रखंड के विभिन्न गांव में नदियों के तटवर्ती और मैदानी भाग में अरहर, मटर, आलू, चना, मसूर के साथ सरसों की खेती की जा रही है. बड़कागांव के किसान मित्र के अध्यक्ष गोपाल महतो, किसान धर्मनाथ कुमार, बनवारी महतो के अनुसार, बड़कागांव प्रखंड में लगभग 1120 एकड़ भूमि में सरसों की खेती की गई है. बड़कागांव पश्चिमी पंचायत में 50 एकड़, मध्य पंचायत में 10 एकड़, बड़कागांव पूर्वी पंचायत में 50 एकड़, कांड़तरी पंचायत में 60 एकड़, बादम पंचायत में 45 एकड़, हरली पंचायत में 55 एकड़, नापो खुर्द में 50 एकड़, आगो पंचायत में 60 एकड़, नयाटांड़ पंचायत में 40 एकड़, गोंदलपुरा पंचायत में 55 एकड़, सांढ़ पंचायत में 52 एकड़, चंदोल पंचायत में 45 एकड़, सिंदवारी पंचायत में 40 एकड़ समेत प्रखंड के लगभग 23 पंचायतों में 40 से 50 एकड़ भूमि में सरसों की खेती की गई है.

रिपोर्ट : संजय सागर, बड़कागांव, हजारीबाग.

Next Article

Exit mobile version