उद्यमों पर जोर

महामारी के बाद की दुनिया में भारत को आत्मनिर्भर देश के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिए छोटे व मझोले उद्यमों में बढ़ोतरी जरूरी है.

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देश के सकल घरेलू उत्पादन (जीडीपी) में सूक्ष्म, छोटे और मझोले उद्यमों के योगदान को बढ़ाने का आह्वान किया है. फिलहाल जीडीपी में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी 30 फीसदी है, जिसे 40 फीसदी करने पर उन्होंने जोर दिया है. हमारी अर्थव्यवस्था में ऐसे उद्यमों के महत्व को इस बात से समझा जा सकता है कि करीब 6.30 करोड़ उद्यमों में गैर-कृषि कार्यबल का 40 फीसदी हिस्से को रोजगार मिला हुआ है यानी इस क्षेत्र में 11 करोड़ से अधिक रोग सेवारत हैं. सेवा और मैनुफैक्चरिंग क्षेत्र के उत्पादन में इन उद्यमों का योगदान क्रमशः लगभग 25 और 33 फीसदी है.

कोरोना महामारी की सबसे अधिक मार भी इसी क्षेत्र पर पड़ी है, लेकिन अब अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में सूक्ष्म, छोटे और मझोले उद्यमों की ही अहम भूमिका होगी. इसलिए इनके विकास पर गडकरी का जोर देना समयानुकूल है. महामारी की पहली लहर से त्रस्त अर्थव्यवस्था को राहत देने के क्रम में आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत इन उद्यमों को वित्तीय सहायता मुहैया कराने के साथ अनेक नियमों में बदलाव भी किया गया था ताकि ये उद्यम फिर से खड़े हो सकें और अपनी संभावनाओं को साकार कर सकें.

इस साल फरवरी में पेश बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सूक्ष्म, छोटे व मझोले उद्यमों को विकसित करने के लिए 15,700 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की थी. दुनियाभर में उत्पादन और कारोबार तंत्र में अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ रहा है. बजट में इस सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व मशीन लर्निंग को बढ़ावा देने की बात भी कही गयी है. ऐसे उपायों से जहां उत्पादकता में बढ़ोतरी होगी, वहीं रोजगार की गुणवत्ता में भी सुधार होगा. वित्तीय परिदृश्य में गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) की समस्या चिंताजनक है.

इससे छोटे और मझोले उद्यम क्षेत्र भी अछूता नहीं है. इस क्षेत्र में एनपीए की वसूली के लिए सरकार ने एक अलग ढांचा बनाने का फैसला किया है. अब रिजर्व बैंक ने भी पुनर्संरचना पहल के तहत कर्जों की सीमा को 25 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये करने की घोषणा की है. इससे राहत पाकर कई उद्यमों को नये उत्साह के साथ अपना विस्तार करने का अवसर मिलेगा.

बीते साल-डेढ़ साल की मुश्किलों ने उनके सामने वित्त के अभाव का संकट खड़ा कर दिया है. ऐसे में न तो वे पुरानी देनदारी चुका पा रहे हैं और न ही नया ऋण लेने का साहस जुटा पा रहे हैं. छोटे उद्योगों के विकास के लिए बने बैंक के लिए रिजर्व बैंक ने 16 हजार करोड़ रुपये की विशेष सुविधा भी प्रदान की है. केंद्र सरकार और रिजर्व बैंक की पहलों से स्थिति में सुधार की आशा है. महामारी के बाद की दुनिया में भारत को आत्मनिर्भर देश के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिए छोटे व मझोले उद्यमों में बढ़ोतरी जरूरी है. इससे घरेलू मांग की पूर्ति के साथ निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

Published by: Prabhat Khabar

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >