दिल्ली पुलिस गुंडागर्दी पर क्यों उतर आई है? जानें क्या बोलीं महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल

यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच कथित तौर पर ‘हाथापाई’ हुई. जानें मामले में क्या है अपडेट

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और पुलिस के बीच कथित तौर पर हाथापाई होने की घटना के बाद राजनीति गरमा गयी है. मामले पर दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जंतर-मंतर पर पुलिस और पहलवानों के बीच हुई धक्कामुक्की के बारे में बातचीत के लिए विधायकों, पार्षदों की बैठक बुलाई है.

इधर दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि लड़कियों से मिलना मेरा सिर्फ हक ही नहीं मेरी ड्यूटी है. मुझे समझ नहीं आ रहा दिल्ली पुलिस मेरी ड्यूटी करने में मुझे सहयोग क्यों नहीं कर रही है. दिल्ली पुलिस गुंडागर्दी पर क्यों उतर आई है? दिल्ली पुलिस बृज भूषण को बचाने के लिए और क्या-क्या करेगी?

दिल्ली पुलिस लड़कियों को कर रही है परेशान

आगे महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के कहने पर एफआइआर दर्ज़ की है. अभी तक नाबालिग लड़की का बयान तक नहीं लिया गया है. बृजभूषण को गिरफ़्तार करने की जगह दिल्ली पुलिस लड़कियों को परेशान कर रही है.


कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा

इस बीच कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और पुलिस के बीच कथित तौर पर हाथापाई होने की घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है और पहलवानों के प्रति एकजुटता प्रकट की है. पार्टी ने यह दावा भी किया है कि पहलवानों से मिलने पहुंचे उसके सांसद दीपेंद्र हुड्डा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. कांग्रेस ने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि देश की बेटियों के साथ दिल्ली पुलिस के अत्याचार की जानकारी होते ही कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा मौके पर पहुंचे. तानाशाह की पुलिस ने उन्हें हिरासत में रखा है. देश की बेटियों के साथ कांग्रेस मज़बूती से खड़ी है. साफ संदेश है- डरो मत, हम साथ हैं.

Also Read: महिला पहलवानों के आरोप पर कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का विवादित बयान, कह दी यह बात
क्या है मामला

खबरों की मानें तो यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच कथित तौर पर ‘हाथापाई’ हुई, जिसके कारण कुछ प्रदर्शनकारियों के सिर पर चोटें आई हैं. मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती समेत कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है.

भाषा इनपुट के साथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >