एक महिला ने थार गाड़ी रिवर्स करते समय घरेलू सहायिका (नौकरानी) को कुचल दिया. इसके बाद महिला उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. आरोप है कि इसके बाद शव को वापस घटनास्थल पर लाकर छोड़ दिया गया. यह हैरान करने वाली घटना गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित पॉश अंसल वर्सालिया सोसाइटी में हुई. पुलिस के मुताबिक, सोसाइटी के पार्किंग एरिया में यह हादसा हुआ.
मृतक महिला की पहचान 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थीं और गुरुग्राम में घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थीं. पुलिस के मुताबिक, गुड्डी सोसाइटी के एक फ्लैट में काम खत्म करने के बाद ग्राउंड फ्लोर के कार पार्किंग एरिया में सो रही थीं. इसी दौरान वहां एक थार गाड़ी रिवर्स की गई और वह उसकी चपेट में आ गईं.
थार एसयूवी को रिवर्स कर रही थी महिला
पुलिस के अनुसार, उसी सोसाइटी में रहने वाली एक महिला अपनी थार एसयूवी को रिवर्स कर रही थी. इसी दौरान गाड़ी पार्किंग में सो रही गुड्डी के ऊपर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद थार ड्राइव कर रही महिला तुरंत गाड़ी से उतरी और घायल गुड्डी को दूसरी गाड़ी से एक प्राइवेट अस्पताल ले गई. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल से लौटने के बाद थार ड्राइव कर रही महिला शव को वापस सोसाइटी लेकर आई और उसे उसी जगह रख दिया, जहां थार से गुड्डी को कुचला गया था. इसके बाद उसने किसी को घटना की जानकारी भी नहीं दी. घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.
घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी के लोग बड़ी संख्या में ड्राइव कर रही महिला के घर के बाहर जुट गए और विरोध प्रदर्शन किया. वहीं, पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के बाद हुई पूरी घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी है. एक सीनियर पुलिस ऑफिसर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
