दिल्ली के नांगलोई इलाके में 24 वर्षीय महिला ने अपने ससुराल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. महिला ने अपनी मौत के लिए ससुराल वालों की प्रताड़ना और पति की मानसिक स्थिति को जिम्मेदार बताया. पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर महिला का शव उसके ससुराल में मिला. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसके मोबाइल फोन में करीब तीन मिनट का एक वीडियो मिला. इस वीडियो में महिला ने अपने माता-पिता के लिए आखिरी संदेश रिकॉर्ड किया था. अब पुलिस इसी वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
वीडियो की शुरुआत में महिला ने कहा, “पापा, मैं जा रही हूं…” इसके बाद उसने ससुराल में कथित तौर पर झेली गई परेशानियों के बारे में बताया. 24 वर्षीय महिला की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी और वह नांगलोई में अपने पति के साथ रहती थी, जो प्राइवेट कंपनी में काम करता है. दंपति की डेढ़ साल की एक बेटी भी है.
ससुराल में फंदे से लटकी मिली महिला
जांच अधिकारियों ने बताया कि महिला मंगलवार दोपहर अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली. पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. हालांकि, जांचकर्ताओं को उसके मोबाइल फोन पर तीन मिनट से अधिक लंबा एक वीडियो क्लिप मिला है, जिसमें उसने अपनी आपबीती सुनाई है और अपने माता-पिता, पति तथा परिवार के अन्य सदस्यों को संबोधित किया है.
महिला ने अपने माता-पिता से क्या किया आग्रह?
महिला ने अपने माता-पिता से उसकी मौत पर न झगड़ने को कहा और उनसे अपनी डेढ़ साल की बेटी की देखभाल करने का आग्रह किया. उसने यह भी कहा कि वह नहीं चाहती कि उसकी बच्ची उसके पति सहित किसी और को सौंपी जाए. पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसने वीडियो में अपने पति के परिवार द्वारा दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं केवल एक छोटा परिवार चाहती थी. मैंने कभी कोई काला जादू नहीं किया. उसने अपने पति को भी अस्थिर बताया और कहा कि वह अब उसके साथ नहीं रह सकती.
पुलिस ने बताया कि उन्हें मंगलवार को आत्महत्या की सूचना मिली और वे तुरंत मौके पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि उप-मंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के समक्ष दर्ज बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.
