Weekly Weather: देश के कई राज्यों में इस सप्ताह बारिश का दौर जारी रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि 9 से 15 सितंबर के बीच पूर्वी, मध्य, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा रहेगा. ओडिशा में 10 सितंबर (Kal Ka Mausam) को अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है. वहीं 12 सितंबर को छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश हो सकती है. सप्ताह के आखिर में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी तेज वर्षा का अनुमान है.
बंगाल की खाड़ी में बन सकता है लो प्रेशर एरिया
IMD के मुताबिक उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश तट के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है. इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तर बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके अलावा उत्तर हरियाणा और आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है.
9 सितंबर: ओडिशा में बहुत भारी बारिश, बिहार-झारखंड भी भीगेंगे
मौसम विभाग के मुताबिक 9 सितंबर को ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है. बिहार में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश की संभावना है.
पूर्वोत्तर पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो 9 सितंबर को असम और मेघालय के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
10 सितंबर को ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना
10 सितंबर मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. ओडिशा में इस दिन भारी बारिश की भी संभावना है. बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 10 सितंबर से भारी बारिश की संभावना है, जो 12 सितंबर तक बनी रह सकती है.
11 सितंबर को बंगाल-झारखंड समेत ओडिशा में तेज बारिश
11 सितंबर को ओडिशा में एक बार फिर अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 सितंबर से भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. मध्य भारत में पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में भी तेज वर्षा का अनुमान है. दक्षिण भारत में तेलंगाना में 11 और 12 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
12 सितंबर को छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
12 सितंबर को बारिश का सबसे ज्यादा असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है. IMD ने यहां अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 से 14 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है. विदर्भ में 12 और 13 सितंबर को भारी बारिश (Heavy Rain Alert) का अनुमान है.
13 सितंबर को MP, महाराष्ट्र और गुजरात वर्षा का दौर
13 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. पश्चिम भारत में गुजरात क्षेत्र, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा अंडमान-निकोबार में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी.
14 सितंबर को दिल्ली-हरियाणा और पंजाब में भारी बारिश का अनुमान
14 सितंबर से उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर 14 और 15 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 14 और 15 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड में 14 सितंबर तक कई जगह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 14 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
15 सितंबर के दिल्ली-पंजाब में जारी रह सकती है भारी बारिश
15 सितंबर को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी. हिमाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में भी बारिश का अनुमान है. पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश जारी रह सकती है. हालांकि 15 सितंबर के लिए इन क्षेत्रों में दी गई बारिश की तीव्रता अलग-अलग रहेगी.
सप्ताह में किस दिन कहां सबसे ज्यादा बारिश?
| तारीख | प्रमुख क्षेत्र |
| 9 सितंबर | ओडिशा में बहुत भारी बारिश; बिहार, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल समेत कई इलाकों में भारी बारिश |
| 10 सितंबर | ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश; उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और केरल में भारी बारिश |
| 11 सितंबर | ओडिशा में बहुत भारी बारिश; झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भारी बारिश |
| 12 सितंबर | छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश; ओडिशा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात, केरल और तेलंगाना में भारी बारिश |
| 13 सितंबर | मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश |
| 14 सितंबर | दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश |
| 15 सितंबर | दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना |
इन राज्यों में तेज हवा का अलर्ट
इस सप्ताह देश के कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं का भी दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 से 13 सितंबर के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. रायलसीमा में 9 से 12 सितंबर तक इसी तरह की तेज हवाएं चल सकती हैं. बिहार, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 9 से 13 सितंबर तक हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
