Cyclone Hamoon Tracker: ‘हामून’ तूफान मचाएगा तबाही? झारखंड का मौसम बदला, जानें कहां होगा असर

cyclone hamoon tracker : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव का क्षेत्र पिछले छह घंटों के दौरान 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा और चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया. जानें आपके राज्य में क्या होगा इस तूफान का असर

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव का क्षेत्र सोमवार शाम को चक्रवात में तब्दील हो चुका है. हालांकि, इसका भारतीय तट पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से इस बाबत जानकारी दी गई है. इस चक्रवाती तूफान को ‘हामून’ नाम से जाना जाएगा जो ईरान ने दिया है जिसका हल्का असर झारखंड में नजर आ रहा है, यहां का मौसम बदल चुका है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव का क्षेत्र पिछले छह घंटों के दौरान 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा और चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया. उसने बताया कि सोमवार शाम 5.30 बजे, कम दबाव की यह प्रणाली ओडिशा के पारादीप तट से लगभग 230 किमी दूर, पश्चिम बंगाल के दीघा से 360 किमी दक्षिण में और बांग्लादेश में खेपुपारा से 510 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में अवस्थित थी. आईएमडी ने बताया कि अगले 12 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके एक तीव्र चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है.

मौसम विभाग ने बताया कि इस प्रणाली के गहरे दबाव के रूप में 25 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे के आसपास खेपुपारा और चटगांव के बीच बांग्लादेश तट को पार करने की संभावना है. इस बीच, ओडिशा सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है. उसने भारी बारिश होने की सूरत में प्रशासन से निचले इलाकों से लोगों को निकालने को भी कहा है. मौसम वैज्ञानिक यू एस दास ने कहा कि यह प्रणाली (चक्रवात) ओडिशा तट से करीब 200 किलोमीटर दूर समुद्र में बढ़ेगी. इसके प्रभाव से सोमवार को तटीय ओडिशा में कुछ स्थानों पर और अगले दो दिनों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर मंगलवार सुबह तक 80-90 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. उन्होंने कहा कि संभावित चक्रवात का ओडिशा पर कोई सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन कुछ दुर्गा पूजा पंडालों को नुकसान हो सकता है जो हवा की इतनी तेज गति का सामना करने के हिसाब से नहीं बने हैं.

मौसम कार्यालय के मुताबिक चक्रवाती हवाओं की वजह से पिछले 24 घंटों में ओडिशा में लगभग 15 मिमी बारिश हुई और सोमवार व मंगलवार को तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. मौसम कार्यालय के मुताबिक मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक भद्रक, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर में एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा (7-11 सेंटीमीटर) हो सकती है. आईएमडी ने मछुआरों से बुधवार तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में और सोमवार-बुधवार के दौरान ओडिशा तट और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के पास नहीं जाने को कहा है.

इस बीच, पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में, मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को पूर्व मेदिनीपुर, कोलकाता और दक्षिण 24 परगना जिलों के कुछ हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ आंधी और मध्यम दर्जे की बारिश की भविष्यवाणी की है. मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए दुर्गा पूजा आयोजकों ने पर्व के दौरान संभावित बारिश और तेज हवाओं से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं.

भाषा इनपुट के साथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >