मौसम : किन राज्यों में होगी 10 मई तक बारिश, IMD ने दी जानकारी

Weather Forecast : मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 10 मई के बीच बिहार और झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल.

Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 7 मई को मध्य प्रदेश में और अगले 5 दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के आसार हैं. इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है.

गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल (कोलकाता, हावड़ा, हुगली वाला इलाका) में 9 मई को मौसम का मिजाज बदलेगा. इस दिन 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जबकि झोंकों के साथ हवा की गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलावा यहां होगी बारिश

10 से 12 मई के बीच जम्मू-कश्मीर , पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मौसम बदल सकता है. वहीं 11 और 12 मई को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी खराब मौसम देखने को मिलेगा. इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और झोंकों में हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है.

झारखंड के कुछ इलाकों में हो सकती है हल्की बारिश

पिछले कुछ दिनों से बारिश होने के कारण राज्य के लगभग सभी जिलों के तापमान में कमी आयी है. मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 10 मई तक राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में आकाश में बादल छाये रहेंगे. वज्रपात की भी संभावना है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. जबकि, हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी. मौसम विभाग ने 10 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है.

अब राजस्थान के इन इलाकों में चलेगी लू

आईएमडी जयपुर के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, अब वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आगे बढ़ चुका है, इसलिए आने वाले दिनों में मौसम राजस्थान में ज्यादातर शुष्क रहेगा. बाड़मेर में तापमान 41.7 डिग्री दर्ज किया गया और अगले कुछ दिनों में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. पश्चिमी राजस्थान, खासकर फलोदी और जैसलमेर में 9 मई के आसपास पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. इससे नई हीटवेव के हालात बन सकते हैं. हालांकि पूर्वी राजस्थान में अभी तापमान सामान्य से नीचे है और अगले 3-4 दिन तक लू चलने की संभावना नहीं है.

असम और मेघालय के अलावा यहां का मौसम होगा खराब

7 मई को असम और मेघालय में, 7 से 8 मई के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में जबकि 8 से 10 मई के बीच फिर से असम और मेघालय में मौसम सक्रिय रहेगा. इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >