Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 25 और 28 से 30 मई के दौरान, जबकि उत्तराखंड में 25, 29 और 30 मई के दौरान छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 30 मई के दौरान छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 से 29 मई के बीच इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है.
कोंकण और गोवा के अलावा यहां होगी बारिश
27 और 28 मई को कोंकण और गोवा में, 25 से 28 मई के दौरान मध्य महाराष्ट्र में जबकि 25 से 27 मई के बीच मराठवाड़ा में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
पूरा प्रेस रिलीज देखने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में 25 से 27 मई के दौरान मौसम बेहद गर्म रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान लगभग 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे भीषण गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति बनेगी. 25 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन दोपहर के बाद आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं. इस दौरान कहीं-कहीं धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश या आंधी आने की भी संभावना है.
26 मई को केरल में दस्तक देगा मानसून
मौसम विभाग ने मानसून के 26 मई को केरल में दस्तक देने का अनुमान जताया है. विभाग ने 28 मई से तीन जून के बीच केरल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का भी अनुमान व्यक्त किया है.
बिहार में लू की स्थिति
बिहार के कई हिस्सों में रविवार (24 मई) को लू की स्थिति रही और राज्य के कम से कम 10 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया. आईएमडी ने चेतावनी दी है कि बिहार के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी.
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी
राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. रविवार को पश्चिमी हिस्सों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि श्रीगंगानगर में रविवार को सबसे अधिक 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम केंद्र, जयपुर ने ‘हीटवेव’ अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि अगले तीन से चार दिन तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है, साथ ही तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46–47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कुछ स्थानों पर भीषण लू की स्थिति बन सकती है.
