Weather Forecast : जम्मू-कश्मीर में 21 से 22 मई के दौरान मौसम खराब रह सकता है. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में आंधी भी आ सकती है, जिसकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. हिमाचल प्रदेश में 21 और 23 मई को, जबकि उत्तराखंड में 22 और 23 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर जारी
दिल्ली में अगले 6 दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने वाला है. 21 से 26 मई के बीच अधिकतम तापमान 43 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. ज्यादातर दिनों में आसमान साफ रहेगा और कई इलाकों में हीटवेव चल सकती है. 21 मई को कुछ जगहों पर लू का असर ज्यादा तेज रहने की संभावना है. इस दौरान 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान में चलेगी धूलभरी सतही हवाएं
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है. राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी इलाकों में दिन का तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे कई जगहों पर हीटवेव और गर्म रात का असर देखने को मिल सकता है. वहीं अगले 2 से 3 दिनों के दौरान पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी सतही हवाएं चलने की भी संभावना है.
गोवा और मध्य महाराष्ट्र के अलावा यहां होगी बारिश
कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र क्षेत्र में 21 मई को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में 21 मई के अलावा 24 से 26 मई के दौरान भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक इन दिनों तेज लू चल सकती है.
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21 से 24 मई के दौरान मौसम बदला रह सकता है. वहीं केरल, माहे और लक्षद्वीप में 21 से 22 मई तक हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसके अलावा उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 24 मई को, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 22 से 24 मई के दौरान, और रायलसीमा व तेलंगाना में 21 मई को बारिश के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 21 से 23 मई, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 21 मई को, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 21 से 24 मई को, जबकि रायलसीमा में 22 से 24 मई के दौरान गरज के साथ आंधी आने की संभावना है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकता है.
पूर्वोत्तर भारत का मौसम कैसा रहेगा
असम और मेघालय में 23 और 24 मई के दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 मई को गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में 22, 25 और 26 मई को जबकि नागालैंड में 22 से 26 मई के दौरान कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
