Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 18 से 22 अगस्त के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई जगह बारिश होने की संभावना है. वहीं, 23 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.
18 अगस्त को पंजाब में कई जगह बारिश होने की संभावना है. वहीं 18 अगस्त और 21-22 अगस्त को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली जबकि 21-22 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 17 से 23 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है.
झारखंड में बहुत भारी बारिश की संभावना
झारखंड में 18 अगस्त को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. खासकर राज्य के उत्तर-मध्य हिस्से (कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़) में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं उत्तर-पश्चिमी हिस्से (पलामू, गढ़वा और लातेहार) में भी कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 19 अगस्त को भी उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य हिस्सों (लोहरदगा और गुमला) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
बिहार के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना
18 अगस्त को बिहार के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है. पश्चिमी और दक्षिणी बिहार के कई जिलों में बारिश का असरअधिक रहने की संभावना है, जबकि उत्तर बिहार के भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 18 से 21 अगस्त, पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 से 23 अगस्त, विदर्भ में 18 और 21-23 अगस्त जबकि छत्तीसगढ़ में 18-19 और 22-23 अगस्त के दौरान कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
राजस्थान में फिर बढ़ेगी बारिश, 19 अगस्त से जोर पकड़ सकता है मानसून
राजस्थान में फिलहाल मानसून कमजोर पड़ने से ज्यादातर इलाकों में बारिश कम हो गई है. हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक 19 अगस्त से बारिश फिर बढ़ सकती है. अगले 4-5 दिनों में पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 19 से 21 अगस्त के बीच कोटा और भरतपुर संभाग में बारिश तेज हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश भी होने की उम्मीद है.
