मौसम: बिहार-झारखंड के अलावा इन राज्यों में होगी बारिश, आया IMD का अलर्ट

Weather Forecast : मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से 15 और 16 मार्च को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में मौसम का मिजाज बदल सकता है. जानें मौसम विभाग ने क्या दी जानकारी.

Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि असम में 16 मार्च को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 15 मार्च को भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. वहीं उप‑हिमालयी पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी वाला इलाका) में 16 मार्च को, अरुणाचल प्रदेश में 15 से 16 मार्च के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं.

विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 15, 16, 18 और 19 मार्च को गरज के साथ 30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 15 से 19 मार्च के दौरान ऐसा मौसम बना रह सकता है. इसके अलावा उत्तराखंड में 15 से 16 मार्च और फिर 18 व 19 मार्च को कुछ जगहों पर गरज के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 से 19 मार्च के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है. वहीं उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को ऐसा मौसम रह सकता है.

दिल्ली का कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में 15 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है. मौसम केंद्र दिल्ली ने बताया कि रविवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 17 से 19 और 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. विभाग ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट हो सकती है.

झारखंड में बारिश के आसार

रांची समेत झारखंड के करीब 20 जिलों में 15 मार्च से मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 15 से 18 मार्च तक येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. हल्की बारिश होने की भी संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार में येलो अलर्ट जारी

विभाग के अनुसार 15, 16, 17 और 18 मार्च को बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 15 मार्च को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार के अलावा गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, सिवान, सारण, वैशाली, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है.

यह भी पढ़ें : दिल्ली में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना, येलो अलर्ट जारी

राजस्थान में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिले, गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों और आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 19-21 मार्च के दौरान एक्टिव हो सकता है. इसकी वजह से कहीं-कहीं आंधी के साथ बारिश  के आसार हैं. राज्य में आगामी एक सप्ताह ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे बने रहने का अनुमान है.

पूरा प्रेस रिलीज देखने के लिए यहां क्लिक करें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >