Weather Alert: भीषण गर्मी ने इस बार नये रिकॉर्ड बना दिए हैं. देश के कई राज्य तप रहे हैं. दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा समेत कई और इलाकों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री से ऊपर रह रहा है. कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री को भी पार कर गया है. बीते दिनों AQI.in ने एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें दुनिया के टॉप 20 गर्म शहरों में से 19 भारत के शहर थे. AQI.in की टॉप 20 सूची में भारत के अलावा केवल नेपाल का लुम्बिनी ही एकमात्र विदेशी स्थान रहा. रिपोर्ट के मुताबिक 19 शहरों में सबसे ज्यादा बिहार और पश्चिम बंगाल के शहरों में गर्मी दर्ज की गई.
भारत के सबसे ज्यादा गर्म शहर
अप्रैल महीने के आखिरी सप्ताह में ही देश के कई हिस्सों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ने लगी है. कहीं-कहीं पारा 46 डिग्री सेल्सियस के भी पार चला गया है. AQI.in की सूची में राजस्थान, यूपी, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के कई शहर शामिल हैं, जहां तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है. बीते रविवार (26 अप्रैल) को राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक फलोदी में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 44.6 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर और पिलानी (झुंझुनूं) में 44.4 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दिल्ली में बढ़ रही है गर्मी
देश की राजधानी दिल्ली में भयंकर गर्मी पड़ने लगी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा. इन दोनों केंद्रों में तापमान सामान्य से अधिक था. रिज में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं.
यूपी में भयंकर गर्मी
उत्तर प्रदेश में भी भयंकर गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ में रविवार (26 अप्रैल) को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा था. बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है. इसके अलावा प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.8 डिग्री ज़्यादा है. वहीं फुरसतगंज (अमेठी) में 44.7 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 44.2 और कानपुर में 44.1 डिग्री सेल्सियस जबकि झांसी और वाराणसी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
वाराणसी में भीषण गर्मी- काशी विश्वनाथ पर लगा शावर, मंदिरों में एसी-कूलर
यूपी के वाराणसी में गर्मी बढ़ती जा रही है. गर्मी को देखते हुए मंदिरों में भक्तों के साथ-साथ भगवान के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है. श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने परंपरा के अनुसार अक्षय तृतीया से सावन मास तक श्री काशी विश्वनाथ के विग्रह पर कुंवरा यानी शावर की व्यवस्था की है. बटुक भैरव मंदिर के महंत जितेंद्र मोहन पुरी ने बताया कि गर्मी के कारण बाबा बटुक भैरव के गर्भगृह में 24 घंटे एसी चलाया जा रहा है. बाबा को सूती वस्त्र धारण कराए जा रहे हैं. भोग में दही, फल और ठंडी चीजें अर्पित की जा रही हैं. लोहटिया स्थित राम-जानकी मंदिर के पुजारी देवेंद्र नाथ चौबे ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए भगवान के लिए कूलर लगाए गए हैं. भगवान को सूती वस्त्र पहनाए जा रहे हैं और मौसमी फलों का भोग लगाया जा रहा है.
बंगाल में अप्रैल में ही पारा 45 डिग्री के पार पहुंचा
अप्रैल 2026 में पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी और लू का असर तेज हो गया है. कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि अधिक नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान इससे भी ज्यादा महसूस हो रहा है. गर्मी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. इससे पहले 2024 भारत के इतिहास में 1901 के बाद सबसे गर्म साल रहा था. उस दौरान नई दिल्ली के सफदरजंग में 46.8 डिग्री सेल्सियस और चूरू में 50.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था.
ओडिशा के झारसुगुडा में तापमान 44.8 डिग्री
ओडिशा के पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, रविवार को राज्य के औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा में सबसे अधिक 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी ओडिशा के सात स्थानों पर तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया. इनमें झारसुगुड़ा (44.8 डिग्री सेल्सियस), सोनपुर (43.7 डिग्री), टिटलागढ़ (43.6 डिग्री), भवानीपटना (43.4 डिग्री), बोलांगीर (43.1 डिग्री), बौध और संबलपुर (43 डिग्री) शामिल हैं. आईएमडी के मुताबिक ओडिशा के कम से कम 17 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया.
बढ़ रही है बिजली की मांग
ऊर्जा मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण शनिवार को भारत में बिजली की अधिकतम मांग 256.11 गीगावाट के ऑल टाइम हाई के उच्च स्तर पर पहुंच गई, जिससे एयर कंडीशनर (एसी) और कूलर का उपयोग बढ़ गया. इसने शुक्रवार को बने 252.07 गीगावाट के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया. दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है. रिज क्षेत्र में सबसे अधिक 43.5 डिग्री तापमान रहा.
Also Read: 27 अप्रैल से 1 मई तक बदलेगा मौसम, कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
