Uttarakhand Heavy Rain: भारी बारिश से उत्तराखंड में भीषण तबाही, नदियां उफान पर, कई पुल बहे

Uttarakhand Heavy Rain: उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर रातभर हुई भारी बारिश से सड़कें, मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं. भारी बारिश के कारण मंगलवार तड़के एक पुल बह गया. इस आपदा के बाद कई लोगों के लापता होने की खबर है. कुछ स्थानों पर भूस्खलन भी हुआ है.

Uttarakhand Heavy Rain: उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जाखन नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे ऋषिकेश-देहरादून राजमार्ग माजरी गांव में टूट गया है. बारिश का पानी पास के एक मंदिर में घुस गया है. आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि देहरादून में सहस्त्रधारा और मालदेवता और मसूरी से भी नुकसान की खबरें मिली हैं. देहरादून में दो से तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं. मसूरी में एक व्यक्ति की मौत की खबर मिली है और इसकी पुष्टि की जा रही है.

माजरी गांव में कई घरों में घुस गया पानी

नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह रावत ने कहा, “माजरी गांव में कई घरों में पानी घुस गया है. पानी में कई क्षतिग्रस्त पेड़ों ने पानी का बहाव रोक दिया है… यहां बचाव और राहत कार्य जारी है. हमने माजरी गांव में नुकसान का आकलन करने के लिए एक टीम भेजी है.”

300 से 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रभावित इलाकों में टीम राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई हैं, वहीं 300 से 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि टिहरी में जलभराव के कारण गीता भवन में लोग फंस गए थे जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है. इसके अलावा भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के मलबे से नैनीताल में एक सड़क आवागमन के लिए बंद हो गई है. वहीं माजरी गांव के निवासी सड़कों पर इकट्ठा हैं और उनका कहना है कि वे भूस्खलन से बाल बाल बचे हैं. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग लापता हो गए हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत और बचाव कार्य को लेकर दिया अपडेट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुबह ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल देर रात देहरादून के सहस्त्रधारा में भारी बारिश के कारण कुछ दुकानों के क्षतिग्रस्त होने का दुखद समाचार मिला. जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस बल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं और व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहा हूं. मैं ईश्वर से सभी की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं.’’

पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड की स्थिति के बारे में मुख्यमंत्री से ली जानकारी

मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद की स्थिति से अवगत कराया है. मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने राज्य को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है.

25 से 30 स्थानों पर सड़कें टूट गई

सीएम धामी देहरादून जिले के बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा ले रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ भारी बारिश के कारण सभी नदियां उफान पर हैं. 25 से 30 स्थानों पर सड़कें टूट गई हैं और संपर्क मार्ग कट गए हैं. मकान और सरकारी संपत्तियां क्षतिग्रस्त हुई हैं. सामान्य जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. राहत टीम युद्धस्तर पर काम कर रही हैं ताकि स्थिति को सामान्य किया जा सके.’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ है. प्रशासन पहले से ही अलर्ट पर है और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार सक्रिय है.’’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >