तमिलनाडु: इलाज के लिए मिलेंगे 25 लाख रुपये! CM विजय ने रखा हेल्थ इंश्योरेंस 5 गुना बढ़ाने का प्रस्ताव

तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य बीमा योजना की सालाना सीमा 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का प्रस्ताव दिया है. साथ ही, मेडिकल शिक्षा और अस्पतालों के विकास के लिए 351 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की गई है.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने बुधवार (19 अगस्त) को तीन अहम ऐलान किए हैं. इनमें स्वास्थ्य बीमा योजना, दूध खरीद मूल्य और मेडिकल शिक्षा से जुड़े फैसले शामिल हैं. सबसे बड़ा ऐलान स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर किया गया है. सरकार ने योजना के तहत इलाज की सालाना सीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का प्रस्ताव रखा है.

स्वास्थ्य बीमा योजना 5 गुना बढ़ाने का प्रस्ताव

स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अभी सालाना 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलती है. सरकार ने इस सीमा को बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का प्रस्ताव दिया है. अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो योजना के पात्र लोगों को महंगे इलाज के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा मदद मिल सकेगी. सरकार का कहना है कि इसका मकसद लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा देना है.

ट्रांसजेंडर लोगों को भी मिलेंगी ज्यादा स्वास्थ्य सुविधाएं

सरकार ने ट्रांसजेंडर लोगों के लिए भी इलाज और सर्जरी की सुविधाएं बढ़ाने का ऐलान किया है. ये सेवाएं चेन्नई स्टेनली, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, चेंगलपट्टू, तिरुवरूर, करूर और कन्याकुमारी में उपलब्ध कराई जाएंगी.

मेडिकल शिक्षा पर खर्च होंगे 351 करोड़ रुपये

तमिलनाडु सरकारने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने के लिए 351 करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया है. इसके तहत अलग-अलग मेडिकल और नर्सिंग कोर्स में कुल 6,098 नई सीटें बढ़ाई जाएंगी.

  • बीएससी नर्सिंग की 660 सीटें
  • नर्सिंग कॉलेजों और स्कूलों में 1,925 सीटें
  • 12 पैरामेडिकल कोर्स में 2,778 सीटें
  • मेडिकल कोर्स में 735 अतिरिक्त सीटें शामिल हैं

सात नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज खुलेंगे

राज्य सरकार ने सात नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज खोलने का भी फैसला किया है. इससे ज्यादा छात्रों को नर्सिंग की पढ़ाई का मौका मिलेगा और राज्य में स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी.

पेरंबालूर में बनेगा 400 बेड का अस्पताल

पेरंबालूर में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से 400 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा. यहां लोगों को कई तरह की आधुनिक इलाज की सुविधाएं एक ही जगह मिल सकेंगी.

दूध खरीद मूल्य 38 से बढ़ाकर 41 रुपये

सरकार ने दूध उत्पादकों को भी राहत दी है. दूध खरीद मूल्य 38 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. सरकार के इस फैसले से 31 लाख से ज्यादा दूध उत्पादकों को फायदा मिलने की उम्मीद है. इस बढ़ोतरी से सरकार पर हर महीने करीब 30 करोड़ रुपये और सालाना 360 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा.

प्रोत्साहन राशि भी बढ़ाई गई

दूध उत्पादकों को मिलने वाली सरकारी प्रोत्साहन राशि भी 3 रुपये से बढ़ाकर 5 रुपये प्रति लीटर करने का ऐलान किया गया है. कुल मिलाकर सरकार के इन फैसलों में स्वास्थ्य बीमा, मेडिकल शिक्षा, अस्पतालों और दूध उत्पादकों पर खास ध्यान दिया गया है.

Also Read: CM विजय का फैसला : तमिलनाडु के विधायकों को नई कार, ड्राइवर के लिए हर महीने ₹75 हजार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >