Sugar Price : चीनी की बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए केंद्र सरकार ने अहम फैसला लिया है. भारत दुनिया में सबसे ज्यादा चीनी इस्तेमाल करने वाला देश है. ऐसे में सरकार ने बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 31 अक्टूबर तक 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी है. सरकार का मानना है कि इससे बाजार में चीनी की कमी कम होगी और बढ़ती कीमतों पर कुछ हद तक रोक लगेगी. त्योहारों से पहले यह फैसला अहम है, क्योंकि इस दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने से चीनी की खपत भी बढ़ जाती है.
जमाखोरी और कीमतों पर लगेगी लगाम
Department of Food & Public Distribution ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी है. विभाग ने एक्स पर लिखा कि सरकार ने 31 अक्टूबर 2026 तक 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी है. सरकार का कहना है कि इस फैसले से बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहेगी.इससे जमाखोरी और कीमतों को लेकर चल रही अटकलों पर भी रोक लगेगी. आने वाले समय में लोगों को उचित और स्थिर कीमतों पर चीनी मिल सकेगी.
ये भी पढ़ें: चीनी महंगी हुई तो Ethanol पर आया शक, सरकार ने बताया दाम बढ़ने का असली कारण
fcainfoweb.nic.in के अनुसार गुड़ और चीनी की कीमत कितनी थी 21 अगस्त को (Retail Price)
| वस्तु (Commodity) | मूल्य (₹/KG Prices) |
| चीनी (Sugar) | 58.23 |
| गुड़ (Gur) | 63.19 |
चीनी की कीमतें पिछले दो महीनों में कितनी हुई महंगी
भारत में चीनी की कीमतों में पिछले दो महीनों में करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. चीनी का उत्पादन कम होने से बाजार में इसकी उपलब्धता घट गई है. यही वजह है कि करीब एक दशक बाद भारत को चीनी का आयात करना पड़ रहा है. सरकार की ओर से शुल्क-मुक्त आयात की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चीनी के दाम बढ़े.
गुड़ और चीनी की कीमत कितनी थी 21 अगस्त को (Wholesale Price)
| वस्तु (Commodity) | मूल्य ((₹/Qtl.)) (Prices) |
| चीनी (Sugar) | 5381.39 |
| गुड़ (Gur) | 5570.95 |
