एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक शनिवार सुबह से दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती हैं. उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ चारू बाम्बा ने बताया कि वह अभी पूरी तरह होश में हैं, अलर्ट हैं. उनका ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, सैचुरेशन यानी ऑक्सीजन लेबल पूरी तरह नाॅर्मल है.
सोनम वांगचुक का अनशन अभी भी जारी
डॉ चारू बाम्बा ने मीडिया को बताया कि सोनम वांगचुक के जरूरी पैरामीटर नॉर्मल हैं. लेकिन उनके लैब पैरामीटर में थोड़ा बदलाव है, जिसकी वजह से हम उन्हें अस्पताल में जरूरी ट्रीटमेंट दे रहे हैं. चूंकि वे अभी भी अनशन पर हैं, इसलिए वह बहुत कमजोर हैं और इसकी वजह से कुछ कॉम्प्लीकेशंस भी हो सकते हैं. हमें लगता है कि उनकी लगातार मॉनिटरिंग करने की जरूरत है इसलिए हम उन्हें अस्पताल में ही रहने की सलाह देते हैं. इसकी वजह यह है कि अगर उन्हें तत्काल किसी भी तरह के इलाज की जरूरत हो तो उसे अविलंब उपलब्ध कराया जा सके.
सोनम की पत्नी ने सफदरजंग अस्पताल पर जताया अविश्वास
सोनम की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने सफदरजंग अस्पताल पर अविश्वास जताते हुए हाईकोर्ट का रुख किया है और कोर्ट से यह मांग की है कि उन्हें अपने पति सोनम वांगचुक को किसी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराने की इजाजत दी जाए. गीतांजलि का कहना है कि सफदरजंग अस्पताल में इतने पुलिस हैं, जो शक पैदा करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा मालूम होता है कि सोनम अस्पताल में नहीं बल्कि जेल में हैं.
ये भी पढ़ें : सोनम वांगचुक के इलाज पर विवाद: हाईकोर्ट पहुंचीं पत्नी गीतांजलि, बोलीं- सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं
