Sonam Wangchuk Health Update : सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर 20 जुलाई की शाम 7 बजे तक नया मेडिकल अपडेट जारी किया गया है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उनका इलाज दिल्ली के वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में जारी है. डॉक्टरों ने बताया कि उनके सभी जरूरी हेल्थ पैरामीटर फिलहाल स्थिर हैं. हालांकि, ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से कम बना हुआ है, लेकिन उनकी हालत लगातार विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में है.
ORS और पोटैशियम सिरप से दिखा सुधार
मेडिकल टीम के मुताबिक, सोनम वांगचुक को ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी (ORS) और पोटैशियम सिरप दिया गया है. इसके बाद उनके खून से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पैरामीटर में सुधार दर्ज किया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि उपचार का असर सकारात्मक दिखाई दे रहा है, लेकिन ब्लड शुगर पर अभी भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी तरह की जटिलता न हो.
AIIMS और सफदरजंग के विशेषज्ञ मिलकर कर रहे इलाज
सोनम वांगचुक का इलाज वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों के साथ-साथ AIIMS, नई दिल्ली के विशेषज्ञों की मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम की देखरेख में किया जा रहा है. अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञ उनकी मेडिकल स्थिति का लगातार आकलन कर रहे हैं और समय-समय पर जरूरी जांच भी की जा रही है. मेडिकल प्रशासन का कहना है उनकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है.
डिहाइड्रेशन से उबरने पर विशेष फोकस
सोनम वांगचुक का चेकअप करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि उनको हल्के से मध्यम डिहाइड्रेशन से पूरी तरह उबरने और संभावित जटिलता की समय रहते पहचान करने के लिए लगातार क्लिनिकल मॉनिटरिंग की जा रही है. अस्पताल प्रशासन ने कहा कि सोनम वांगचुक को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. आगे का इलाज उनकी क्लिनिकल प्रोग्रेस और समय-समय पर होने वाली लैब जांच की रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और मेडिकल टीम हर बदलाव पर करीबी नजर बनाए हुए है.
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला: कहा- छात्रों पर लाठी नहीं, जवाब दो
