पीटीआई न्यूज के अनुसार वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि शक्ति शर्मा ने एक सितंबर को वायुसेना मुख्यालय में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (शिक्षा) का पद संभाला. इससे पहले शक्ति शर्मा एयर कमोडोर के पद पर कार्यरत थीं.
शक्ति शर्मा को 1994 में वायुसेना की शिक्षा इकाई में कमीशन मिला
शक्ति शर्मा की नियुक्ति पर रक्षा मंत्रालयकी ओर से कहा गया कि भारतीय वायु सेना के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा भारतीय रक्षा बलों में एयर वाइस मार्शल (या उसके समकक्ष) का पद हासिल करने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं हैं. बयान के मुताबिक एवीएम शर्मा को 18 जून, 1994 को वायुसेना की शिक्षा इकाई में कमीशन मिला था और वह अपनी नयी भूमिका के लिए काफी अनुभव लेकर आई हैं. उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों, वायुसेना के अड्डों, कमान मुख्यालयों और वायुसेना मुख्यालयों में अलग-अलग जगहों पर काम करने का अनुभव है.
शान के साथ आसमान छूने के लिए प्रेरित करती हैं शक्ति शर्मा
मंत्रालय ने बताया कि अपने पूरे करियर के दौरान शक्ति शर्मा ने कई अहम संस्थागत अभियानों का नेतृत्व किया है. इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर और पुणे विश्वविद्यालय में वायुसेना की उत्कृष्टता पीठ की स्थापना शामिल है. जिनका उद्देश्य शैक्षणिक और रणनीतिक रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है. उन्होंने तीनों सेनाओं की पहली महिला अधिकारी के तौर पर सैनिक स्कूल की कमान संभालकर इतिहास भी रचा. उन्होंने सैनिक स्कूल, कपूरथला में प्रिंसिपल के तौर पर काम किया.बयान में कहा गया कि यह अहम उपलब्धि भारतीय रक्षा बलों में महिला अधिकारियों की यात्रा का एक नया अध्याय है. तीन दशकों से अधिक समय की शानदार सेवा के साथ, वह वायुसेना के आदर्श वाक्य पीढ़ियों को शान के साथ आसमान छूने के लिए प्रेरित करती रही हैं.
ये भी पढ़ें :Nepal Flood : नेपाल में मौतों का आंकड़ा 1100 पार, खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं नदियां
