Video : दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने के बाद मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने हादसे का खौफनाक मंजर बताया. उसने कहा कि इमारत गिरने से पहले पूरा इलाका इस तरह हिलने लगा, जैसे किसी बड़े भूकंप का केंद्र यहीं हो. लोगों को लगा कि भूकंप आया है. जब वे चौक की ओर गए और बालकनी से देखा तो चारों तरफ धूल और मलबे का गुबार छाया हुआ था. तभी पता चला कि पास की एक इमारत भरभराकर गिर गई है.
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, यह लड़कों का पीजी था. उसका दोस्त नीरज भी इसी इमारत में रहता है और अभी मलबे के नीचे फंसा हुआ है. नीरज जम्मू का रहने वाला है. उसने बताया कि उसके दूसरे दोस्त भी वहां रो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बचाव दल के पहुंचने से पहले खुद मलबा हटाना शुरू कर दिया था. लोगों ने एक घायल व्यक्ति को बाहर निकाला, जिसकी बांह से खून बह रहा था. इसके बाद बचाव दल ने मोर्चा संभाल लिया.
ये भी पढ़ें: Video : दिल्ली में इमारत गिरते ही मची चीख-पुकार, मलबे से निकला जिंदा शख्स
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पास की दूसरी इमारत में उत्तर-पूर्वी राज्यों की छात्राएं रहती हैं. उसकी निचली सहारा देने वाली दीवार भी ढह गई है. ऐसे में आसपास की इमारतों के भी गिरने का खतरा बना हुआ है. उसने कहा कि दूर-दराज से पढ़ने आए छात्रों की जान खराब निर्माण व्यवस्था के कारण खतरे में पड़ना बेहद दुखद है.
