Jharkhand Issue in Rajya Sabha: झारखंड में छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज का मुद्दा मंगलवार को राज्यसभा में भी गूंजा. हालांकि, सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने इसे सदन में उठाने की अनुमति नहीं दी. वहीं, सभापति ने सदन में कहा कि मैं सरकार के नहीं, हमेशा विपक्ष के नेता खरगे जी के दबाव में रहता हूं. सत्ता पक्ष के सदस्य मुझ पर दबाव नहीं डालते हैं.
रांची के छात्रों का मुद्दा उठाना चाहता था सत्ता पक्ष
सभापति ने कहा कि कुछ सत्ता पक्ष के सांसद रांची में छात्र आंदोलन और पुलिस लाठीचार्ज का मुद्दा उठाना चाहते थे, लेकिन उन्होंने उसे भी स्वीकार नहीं किया. उनका कहना था कि राज्य से जुड़े मामलों को सदन में उठाने की परंपरा नहीं है.
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे पर चर्चा की मांग कर रहे थे खरगे
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित मामले पर चर्चा की मांग कर रहे थे. इस दौरान सभापति ने कहा कि जैसे उन्होंने सत्ता पक्ष के सांसदों को झारखंड के मुद्दे पर बोलने की अनुमति नहीं दी, उसी तरह किसी भी राज्य से जुड़े विषय को सदन में उठाने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
ये भी पढ़ें: Video : अभिजीत दीपके ने देवेंद्र महतो से की बात, झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर क्या बोले देखें
इस दौरान विपक्ष ने विरोध जारी रखा. हंगामे के बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि सभापति सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं. इसके बाद ही उन्होंने कहा था कि मैं सरकार नहीं, हमेशा विपक्ष के नेता खरगे जी के दबाव में रहता हूं.
