Rajnath Singh : NEET परीक्षा और छात्रों के मुद्दे को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपने हित साधने के लिए देश के छात्रों और युवाओं का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार की तरह कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है, जिस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए.
सरकार छात्रों की हर चिंता सुनने को तैयार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार छात्रों और युवाओं की भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार छात्रों की हर शिकायत और चिंता को गंभीरता से सुन रही है और उसका समाधान करना उसकी जिम्मेदारी है. उन्होंने युवाओं से अफवाहों और भ्रामक प्रचार से बचने की अपील भी की.
गुस्से का माहौल कृत्रिम तरीके से बनाया गया
रक्षा मंत्री सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जानबूझकर देश में नाराजगी का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह "बनावटी गुस्सा" पैदा करके युवाओं को गुमराह करने की असफल कोशिश है. उनका विश्वास है कि देश का जागरूक युवा ऐसे प्रयासों को समझेगा और विकास तथा राष्ट्र निर्माण का रास्ता चुनेगा.
सड़क नहीं, संसद में हो बहस
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी मुद्दे पर चर्चा करने का सबसे उचित मंच संसद है. उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह सड़क पर आंदोलन करने के बजाय संसद में अपनी बात रखे. मोदी सरकार हर मुद्दे पर सार्थक चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को मानसून सत्र के सुचारु संचालन में सहयोग करना चाहिए.
संसद के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन जारी
इस बीच संसद परिसर में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी सांसदों ने काले कपड़े पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. लगातार हंगामे के की वजह से राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही अगले दिन सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई. NEET और छात्रों के मुद्दे पर सियासी टकराव अब संसद से लेकर सड़क तक तेज होता दिखाई दे रहा है.
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमला: ड्यूटी पर तैनात जवान को आतंकियों ने मारी गोली, पूरे इलाके में सर्च ऑपेशन जारी
