Rain Warning: आईएमडी के मुताबिक देश के मौसम को प्रभावित करने वाले कई बड़े मौसमी सिस्टम इस समय सक्रिय हैं, जिनके कारण अलग-अलग हिस्सों में मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है. इनमें सबसे प्रमुख सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ है, जो मध्य क्षोभमंडल में पछुआ हवाओं के साथ लगभग 60° पूर्व देशांतर और 32° उत्तरी अक्षांश के ऊपर स्थित है. इसका असर उत्तर भारत के मौसम पर साफ देखा जा रहा है. इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है. उत्तरी हरियाणा के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण एक्टिव है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके साथ ही उत्तरी बांग्लादेश और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के ऊपर भी एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है. इन सभी सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से देश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है.
उत्तर भारत में कब-कहां होगी बारिश?
- भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 3 से 6 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, 3 से 5 मई तक हिमाचल प्रदेश में और 3 से 8 मई तक उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. ओलावृष्टि की बात करें तो 3 मई को जम्मू-कश्मीर, 4 मई को हिमाचल प्रदेश और 4 से 5 मई को उत्तराखंड में ओले गिर सकते हैं.
- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 से 6 मई के बीच बारिश की संभावना है. 4 और 5 मई को यहां तेज हवाएं 50-70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं. इस दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में ओले भी गिरने की संभावना है.
- राजस्थान में 3 से 8 मई तक बारिश और 4 मई को धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 से 6 मई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 मई के बीच बारिश का दौर रहेगा.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक 3 और 4 मई के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं.
इसे भी पढ़ेंः मध्य प्रदेश क्रूज हादसा: मरने वालों की संख्या हुई 13, आखिरी लापता व्यक्ति का मिला शव
बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 5 दिनों तक बारिश जारी रहेगी. वहीं झारखंड, बिहार और ओडिशा में अगले 7 दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 4 और 5 मई को पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में तेज हवाएं चलेंगी. झारखंड में 4 मई और बिहार में 4 और 6 मई को तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ सकता है. 4 मई को झारखंड और बिहार में ओलावृष्टि की भी संभावना है.
इसे भी पढ़ेंः मौसम: यूपी और दिल्ली के अलावा इन राज्यों में होगी बारिश, आया IMD का अलर्ट
मध्य भारत और दक्षिण में मौसम का असर
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती है. 3 से 5 मई के बीच इन राज्यों के कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं दक्षिण भारत में 3 से 6 मई के बीच तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश हो सकती है. 5 और 6 मई को कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है.
इसे भी पढ़ेंः Bettiah News: जेठ में सावन का एहसास, बेतिया में बदला मौसम, फायदे में गन्ना फसल
मानसून से पहले ही बदलते मौसम ने वैशाली में नगर परिषद की व्यवस्था की खोली पोल
