Rain Alert: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 14 मई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 14 से 16 मई तक मौसम खराब बना रह सकता है, जबकि उत्तराखंड में भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने के आसार हैं. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं. वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 14 मई को गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यहां 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का खतरा
पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 14 से 16 मई के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश और असम में 14 से 18 मई तक बारिश और तेज हवा की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 से 17 मई के दौरान भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने असम और मेघालय में 14 से 17 मई के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है.
बिहार-झारखंड समेत पूर्वी भारत में आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट
झारखंड, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा. झारखंड और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 14 से 18 मई तक गरज, बिजली और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14 से 16 मई के दौरान इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. बिहार में 14 मई को तथा झारखंड में 15 और 16 मई को तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम
छत्तीसगढ़ में 14 से 16 मई के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है.
दक्षिण भारत में गरज-चमक और भारी बारिश के आसार
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. तेलंगाना में गरज और बिजली के साथ तेज हवाएं चलने का संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है. केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, आंतरिक और तटीय कर्नाटक में 14 से 16 मई तक गरज-चमक और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.
