Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 8 से 13 जून के दौरान हिमालयी क्षेत्रों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. इस दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. 11 से 13 जून के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट से लेकर हल्की बारिश होने के आसार हैं. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 13 जून के बीच बारिश की संभावना है.
मध्य भारत के कई राज्यों में आगामी सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. 8 से 13 जून के बीच छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में छिटपुट से लेकर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
बंगाल में बारिश का अलर्ट
8 से 13 जून के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी वाला इलाका) और सिक्किम में भारी बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल (कोलकाता,हावड़ा, हुगली वाला इलाका) में 8 जून के अलावा 10-11 जून को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
यह भी पढ़ें : Rain Alert: 7 से 12 जून तक कई राज्यों में बारिश का कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में आगामी दिनों के दौरान बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 8 से 11 जून के दौरान जबकि असम और मेघालय में 10 से 13 जून के दौरान छिटपुट स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. वहीं 10-11 जून को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है.
पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
तमिलनाडु के अलावा यहां होगी बारिश
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है. 8 से 13 जून के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में छिटपुट से लेकर भारी बारिश होने के आसार हैं. वहीं उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 11 से 13 जून के दौरान इसी तरह की बारिश देखने को मिल सकती हैं.
दिल्ली का कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में 8 और 9 जून को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है, जबकि दिन के समय 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 10 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की हवाएं चलेंगी. वहीं 11 जून को मौसम अधिक सक्रिय हो सकता है, जब आंशिक रूप से बादल छाने के साथ हल्की वर्षा या बूंदाबांदी, गरज-चमक और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है.
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राजस्थान में बने मौसमी सिस्टम के असर से अगले 1-2 दिनों तक कुछ इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है. इसके बाद मौसम की गतिविधियां थोड़ी कमजोर पड़ेंगी और पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर ही हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन होने की संभावना रहेगी. पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 8 से 11 जून के दौरान तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है.
