महिला आरक्षण बिल: लोकसभा में बरसे राहुल गांधी, कहा- भारत का चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश

Parliament Session 2026: राहुल गांधी ने शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर कहा कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण से नहीं जुड़ा, बल्कि चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ओबीसी समुदाय को अधिकार और प्रतिनिधित्व देने से बच रही है.

Parliament Session 2026: महिला आरक्षण बिल पर चर्चा में शामिल होते हुए, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन का महिला आरक्षण से कोई लेना देना नहीं है. उन्होंने कहा कि यह भारत के चुनावी मानचित्र को बदलने का प्रयास है. राहुल गांधी ने इसे शर्मनाक कृत्य कहा. उन्होंने लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026, परिसीमन विधेयक, 2026 और संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए यह आरोप भी लगाया कि सरकार जाति जनगणना को दबाने की कोशिश कर रही है.

राहुल गांधी का आरोप- जाति जनगणना को दरकिनार करने की कोशिश

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जाति जनगणना से बचना चाहती है. उनका कहना है कि यह ओबीसी समुदाय से उनका हक छीनने की कोशिश है. उन्होंने संसद में कहा कि यह ऐतिहासिक तथ्य है कि दलितों और ओबीसी के साथ अच्छा व्यवहार नहीं हुआ है. अब भी उन्हें सत्ता से दूर रखने की कोशिश की जा रही है.

संसद में जाति जनगणना पर राहुल गांधी का बयान

राहुल गांधी ने संसद में कहा कि संविधान के ऊपर मनुवाद जैसी सोच हावी है. सरकार जाति जनगणना को लेकर भ्रम फैला रही है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बार-बार यह कह रहे हैं कि जाति जनगणना शुरू हो गई है और यह दावा किया जा रहा है कि घरों में जाति नहीं होती. राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि असली मुद्दा यह है कि क्या जाति जनगणना का इस्तेमाल संसद और राज्य विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व तय करने के लिए किया जाएगा या नहीं.

बोले राहुल गांधी- पिछड़े और दलितों को केवल नाम के तौर पर हिंदू मानती है बीजेपी

राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा कि देश के दक्षिण, छोटे राज्यों और पूर्वोत्तर के लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे भारत संघ के बराबर हिस्सेदार हैं और उनका प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहेगा. उन्होंने कहा कि कोई भी भारतीय संघ पर हमला नहीं होने देगा और सभी को समान अधिकार मिलेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दलित और पिछड़े समुदायों को केवल नाम के तौर पर हिंदू कहती है, लेकिन सत्ता में उन्हें उचित स्थान नहीं देती. राहुल गांधी ने आगे कहा कि भाजपा नेतृत्व यह भ्रम रखता है कि वही भारत की जनता है और वही सशस्त्र बल है, जबकि यह गलत है. उन्होंने कहा कि उनका हमला जनता या सेना पर नहीं, बल्कि बीजेपी की नीतियों पर है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >