राहुल गांधी हो सकते हैं विपक्ष के नेता ? लालू यादव ने 'बाराती' बनने की बात कहकर दिया संकेत

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मेजबानी में विपक्ष की बैठक मुख्यमंत्री के आवास ‘1 अणे मार्ग’ पर हुई. जानें लालू प्रसाद यादव ने राहुल गांधी को लेकर क्या कहा

विपक्ष के 15 राजनीतिक दलों के नेताओं ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए साझा रणनीति तय करने के लिए मैराथन बैठक की. इसके बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस नेताओं ने की और अपनी-अपनी बात रखी. बैठक में यह फैसला किया गया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दल भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ेंगे. विपक्षी दलों की अगली बैठक अगले महीने शिमला में होगी. बैठक के बाद राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव अपने अंदाज में नजर आये. उन्होंने राहुल गांधी की जमकर तारीफ की और उनकी शादी को लेकर चुटकी ली.

लालू प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी शादी करें. हम सब बरात में एकजुट होकर जाएंगे. उन्होंने कहा कि आपकी माता जी कहतीं थीं कि राहुल गांधी मेरी बात नहीं मानते हैं. मैं कहना चाहता हूं कि आप शादी कीजिए…आपको शादी करनी होगी. राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं. राजनीति के जानकारों की मानें तो लालू ने संकेत दे दिये हैं कि भविष्य में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हो सकते हैं. आपको बता दें कि कांग्रेस के कई बड़े नेता राहुल गांधी को पीएम फेस बनाने की बात कह चुके हैं.

बैठक में सबने खुलकर अपने विचार रखे : लालू प्रसाद यादव

विपक्षी बैठक पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि आज की बैठक में सबने खुलकर अपने विचार रखे हैं और तय हुआ है कि अगली बैठक शिमला में होगी और उसमें आगे की रणनीति तय करेंगे. एक होकर हमें लड़ना है. उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरफ फिट हो गया हूं, अब बढ़िया से ‘फिट’ करना है नरेंद्र मोदी को…

कहां हुई ये बैठक

आपको बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मेजबानी में विपक्ष की बैठक मुख्यमंत्री के आवास ‘1 अणे मार्ग’ पर हुई, जिसमें करीब 30 विपक्षी नेता शिरकत करने पहुंचे. विपक्षी दलों की बैठक के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि काफी अच्छी मुलाकात हुई, एक साथ चलने पर सहमति बनी.

Also Read: ‘यह विपक्षी एकता की प्रक्रिया है जो आगे बढ़ेगी’, विपक्ष की बैठक के बाद बोले राहुल गांधी
कौन-कौन पहुंचे बैठक में

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार, द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता महबूबा मुफ्ती, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी और कुछ अन्य नेता इस बैठक में नजर आये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >