केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने ‘विग थ्योरी’ को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि केतन के हल्के बाल झड़ने की बात कोई छिपी हुई नहीं थी. विशाल ने कहा कि केतन के सिर पर मेडिकल कारणों से थोड़े बाल कम थे. यह बात हम लोगों ने शादी तय होने से काफी पहले ही साफ-साफ बता दी थी. विशाल अग्रवाल ने कहा कि अगर सिया को इस बात से कोई परेशानी थी, तो वह साफ तौर पर शादी से इनकार कर सकती थी. अगर यह उसके लिए मुद्दा था, तो शादी कैंसिल करना उसके लिए बिल्कुल आसान था.
जांच में मामला हत्या का निकला
शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच में मामला हत्या का निकला. पुलिस का दावा है कि यह एक साजिश थी, जिसमें केतन की मंगेतर सिया (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) शामिल थे. शुरुआत में इस मामले को हादसा मानते हुए आकस्मिक मौत का केस दर्ज किया गया था. सिया ने परिवार को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गए. हालांकि, बाद में पुलिस ने किले के टिकट काउंटर की सीसीटीवी फुटेज खंगाली. फुटेज में एक व्यक्ति हूडी और शॉर्ट्स पहनकर सिया और केतन के पीछे कुछ दूरी पर चलता दिखाई दिया. इसके बाद जांच का रुख बदल गया.
यह भी पढ़ें : 2,004 कॉल, डिलीट चैट और 238 घंटे की बातचीत… केतन अग्रवाल मर्डर केस में चौंकाने वाले खुलासे
लोहागढ़ किले पहले भी गए थे सिया और केतन
पुलिस के मुताबिक, सिया घटना से पहले कई बार केतन को लोहागढ़ किले ले जाने की बात कह चुकी थी. 31 मई को वह उसे वहां लेकर गई थी. 4 जून को भी उसने दोबारा जाने की जिद की, लेकिन केतन की मां ने मना कर दिया. आरोप है कि 14 जून को सिया ने केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की थी. हालांकि, केतन ने एक झाड़ी पकड़कर खुद को बचा लिया. जब उसने सवाल किया, तो सिया ने वहां सांप होने का बहाना बना दिया.
हत्या की साजिश बाली ट्रिप से पहले रची गई
पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन ने केतन की हत्या की साजिश उसकी बाली में होने वाली प्री-वेडिंग फोटोशूट यात्रा से पहले ही रच ली थी. हालांकि, केतन का पासपोर्ट गायब होने के कारण यह ट्रिप रद्द हो गई. जांच में कॉल रिकॉर्ड भी खंगाले गए. इनमें सिया और चेतन के बीच हजारों फोन कॉल्स मिलने का दावा किया गया है. कई बार दोनों की घंटों लंबी बातचीत भी हुई थी. पुलिस ने इस मामले में सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं.
