PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 और 26 फरवरी को दो दिवसीय इज़राइल दौरे पर जा सकते हैं. सूत्रों के हवाले से खबर है कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू ने इसकी घोषणा की है. नेतन्याहू ने रविवार को संपन्न कॉन्फ्रेंस ऑफ प्रेसिडेंट्स ऑफ मेजर अमेरिकन ज्यूइश ऑर्गनाइजेशंस को संबोधित करते हुए मोदी की यात्रा की घोषणा की है. नेतन्याहू ने कहा “संसद में संबोधन प्रस्तावित है. अगले सप्ताह यहां कौन आ रहे हैं? नरेन्द्र मोदी.” नेतन्याहू ने कहा “इज़राइल और भारत के बीच गहरी साझेदारी है. हम कई तरह के सहयोग पर चर्चा करने जा रहे हैं. आप जानते हैं कि भारत कोई छोटा नहीं 1.4 अरब की आबादी वाला देश है. भारत अत्यंत शक्तिशाली और अत्यंत लोकप्रिय है.”
दो दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी जा सकते हैं इजराइल
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा 25 से 26 फरवरी तक इजराइल के दौरे पर रह सकते हैं. यह उनका संक्षिप्त दौरा होगा लेकिन इसका प्रभाव गहरा होगा. सूत्रों के मुताबिक यात्रा का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है और इस दौरान मोदी के इज़राइली संसद नेसेट को संबोधित करने की संभावना है. समझा जाता है कि दो दिवसीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी द्विपक्षीय और क्षेत्रीय महत्व के सभी मुद्दों को उठाएंगे. पीएम मोदी की यह दूसरी इजराइल यात्रा होगी. इससे पहले वह जुलाई 2017 में इजराइल गए थे. जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यहूदी राष्ट्र की पहली यात्रा थी.
क्या हो सकता है फ्री ट्रेड एग्रीमेंट?
पीएम का ऐसे समय में इजराइल जाने का कार्यक्रम तय हो रहा है जब हाल के दिनों में ही इजराइल के कई मंत्रियों ने भारत की यात्रा की थी. बीते साल इजराइल के पर्यटन मंत्री हैम काट्ज, अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्री निर बरकत, कृषि और खाद्य सुरक्षा मंत्री अवी डिचर समेत वित्त मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच ने भारत का दौरा किया था. दोनों रणनीतिक साझेदार देश मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर साइन करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. स्मोट्रिच की यात्रा के दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय निवेश संधि (BIT) पर साइन किए थे. इसके बाद वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की नवंबर में इजराइल यात्रा के दौरान एफटीए के लिए टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर सहमति बनी. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिसंबर में इजराइल का दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने नेतन्याहू, राष्ट्रपति आइजैक हर्ज़ोग, विदेश मंत्री गिदोन सार और बरकत से मुलाकात की थी. (इनपुट- भाषा)
