PM Modi in Meerut : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मेरठ का दौरा करेंगे. इस दौरान वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहर मेरठ स्थित शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इससे पहले मोदी ने कहा कि उनकी सरकार देश भर में रेल संपर्क के तेजी से विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है. वह मेरठ में देश की सबसे तेज ‘मेरठ मेट्रो’ और ‘नमो भारत ट्रेन’ का उद्घाटन करेंगे.
‘दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर’ के शेष खंडों का होगा उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके बाद मैं दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करूंगा, साथ ही ‘नमो भारत रीजनल रेपिट ट्रांजिट सिस्टम’ के दूसरे खंड की शुरुआत भी करूंगा. इस अवसर पर मुझे कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने का भी मौका मिलेगा. प्रधानमंत्री 82 किलोमीटर लंबे ‘दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर’ के शेष खंडों का उद्घाटन करेंगे, जिसमें दिल्ली में सराय काले खां व न्यू अशोक नगर के बीच पांच किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश के मेरठ दक्षिण व मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर का खंड शामिल है.
12,930 करोड़ लागत की कई परियोजनाओं की सौगात मिलेगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12,930 करोड़ से निर्मित दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक (पांच किमी.), मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो रेल सेवा राष्ट्र को समर्पित करेंगे. पीएम मोदी मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यह सौगात प्रदेश को देंगे.
यह भी पढ़ें : अब दिल्ली दूर नहीं, मेरठ से सराय काले खां तक दौड़ी नमो भारत, 82 किमी का सफर 1 घंटे से भी कम में
मेट्रो का सफर करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो का सफर करेंगे. प्रधानमंत्री मेरठ में जनसभा को भी संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी रेल प्रोजेक्ट की नींव मार्च 2019 में रखी थी.
