Live Updates

Parliament Session Live : कांग्रेस सांसद खरगे ने कहा- पहले धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, फिर होगी चर्चा

Parliament Session Live : संसद के मानसून सत्र में हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है. विपक्ष के लगातार विरोध के चलते पहले तीन दिन लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही लगभग ठप रही. अब सत्र के चौथे दिन भी जोरदार टकराव देखने को मिल रहा हैं. दिनभर की हर अपडेट जानने के लिए हमारे साथ बने रहें.

12:45 PM. 23 Jul 26 5 hrs ago

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद ही विपक्ष किसी भी चर्चा के लिए तैयार होगा

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष नियम 267 के तहत NEET मामले पर चर्चा चाहता था, लेकिन सरकार इसके लिए तैयार नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं का अपमान किया. खरगे ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ही विपक्ष किसी भी चर्चा के लिए तैयार होगा.

12:41 PM. 23 Jul 26 5 hrs ago

राज्यसभा के गेट पर खरगे को रोकने की काशिश

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर सरकार NEET मामले पर चर्चा के लिए तैयार थी, तो पहले दिन से ही इसकी शुरुआत हो जानी चाहिए थी. उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया. खड़गे ने कहा कि हम संसद के सदस्य हैं, लेकिन आज सत्तारूढ़ दल के लोगों ने ही रास्ता रोकने की कोशिश की, जो शर्म की बात है. उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह मामला आगे नहीं बढ़ेगा. खरगे ने प्रधानमंत्री पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह अब तक इस मुद्दे पर चुप क्यों थे और आज की स्थिति के लिए सरकार जिम्मेदार है.

12:24 PM. 23 Jul 26 5 hrs ago

पीएम मोदी का फैसला आने वाले समय में बदलाव लाने वाला साबित होगा : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि युवाओं का हित और उनका बेहतर भविष्य मोदी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का फैसला इसी दिशा में उठाया गया कदम है. अमित शाह ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह फैसला आने वाले समय में बदलाव लाने वाला साबित होगा.

12:16 PM. 23 Jul 26 6 hrs ago

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित

NEET पेपर लीक मामले और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी सांसदों ने गुरुवार को लोकसभा में जोरदार हंगामा किया. विपक्षी सदस्यों की लगातार नारेबाजी और विरोध के कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. हंगामे के चलते लोकसभा की बैठक पहले दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित की गई. जब 12 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, तो विपक्ष ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया. इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

12:10 PM. 23 Jul 26 6 hrs ago

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित

NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का हंगामा जारी रहा. इसके चलते गुरुवार को राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. विपक्ष का कहना है कि पहले शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, इसके बाद ही NEET मामले पर सदन में चर्चा होगी.

12:08 PM. 23 Jul 26 6 hrs ago

दिल्ली मेट्रो बंद होने पर भड़कीं महुआ मोइत्रा

दिल्ली मेट्रो के कुछ स्टेशनों को बंद किए जाने पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लगातार तीसरे दिन दिल्ली में मेट्रो स्टेशन बंद किए जा रहे हैं, जो सही तरीका नहीं है. महुआ ने आरोप लगाया कि दिल्ली को जैसे घेर दिया गया है. उन्होंने कहा कि संसद के अंदर और बाहर विपक्ष की मांग एक ही है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें. उन्होंने कहा कि अगर सरकार सोचती है कि संसद में विपक्ष से समझौता कर लेगी और बाहर छात्रों की आवाज दबा देगी, तो ऐसा नहीं होगा. पहले इस्तीफा, फिर किसी भी तरह की बातचीत होगी.

12:05 PM. 23 Jul 26 6 hrs ago

मकर द्वार पर प्रियंका गांधी का सरकार पर वार

संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने विपक्ष के प्रदर्शन में हिस्सा लिया. संसद परिसर के मकर द्वार पर हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. विपक्षी सांसद विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.

12:03 PM. 23 Jul 26 6 hrs ago

कल्याण बनर्जी ने लगाए नारे

संसद के मानसून सत्र के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कल्याण बनर्जी ने संसद भवन की सीढ़ियों पर नारेबाजी की. इससे पहले बुधवार को लोकसभा ने उन्हें पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया था. उन पर आरोप है कि सदन में बहस के दौरान उन्होंने महिला सांसदों के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था. यह मामला उस समय सामने आया, जब उनकी एनसीपी सांसदों के साथ तीखी बहस हो गई थी.

11:34 AM. 23 Jul 26 6 hrs ago

खरगे बोले- पहले शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा, फिर होगी चर्चा

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जो बयान दिया है, वह भड़काने वाला है. खरगे ने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने कहा कि इसके बाद ही विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार होगा.

11:23 AM. 23 Jul 26 6 hrs ago

रिजिजू का बयान, बोले- NEET पर चर्चा से क्यों डर रही कांग्रेस?

राज्यसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सभी दल चाहते हैं कि NEET पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा हो. उन्होंने कहा कि एनडीए भी शुरू से इस मुद्दे पर चर्चा के पक्ष में है. रिजिजू के मुताबिक, बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्ष के अन्य नेताओं से बातचीत के बाद उम्मीद थी कि गुरुवार को चर्चा शुरू हो जाएगी. लेकिन कांग्रेस ने कुछ शर्तें रख दीं. उन्होंने कहा कि सरकार ने विपक्ष से सिर्फ इतना कहा कि चर्चा कैसे और कितनी देर चलेगी, यह आपसी सहमति से तय कर लिया जाए, लेकिन पहले से शर्तें नहीं रखनी चाहिए. रिजिजू ने कहा कि सरकार चाहती है कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों में बिना राजनीति किए NEET मामले पर खुलकर चर्चा हो. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतें बनाने का फैसला किया है.

11:17 AM. 23 Jul 26 6 hrs ago

NEET पर राज्यसभा में जोरदार हंगामा, कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने गुरुवार को राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे भारी शोर-शराबा होने लगा. हंगामा नहीं थमने पर सभापति ने बैठक शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

11:12 AM. 23 Jul 26 7 hrs ago

लोकसभा में जोरदार हंगामा

विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण गुरुवार को भी लोकसभा की कार्यवाही नहीं चल सकी. सदन की बैठक शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे भारी शोर-शराबा होने लगा. हालात सामान्य नहीं होने पर लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद सदन की बैठक दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

10:35 AM. 23 Jul 26 7 hrs ago

PM मोदी पर राहुल गांधी का आरोप, बोले- शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद होने दिया

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने देश के युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि आपकी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था पर कुछ लोगों का पूरा कब्जा होने दिया, जिससे पूरी शिक्षा प्रणाली बर्बाद हो गई. राहुल गांधी ने कहा कि आज छात्र लगातार परेशान हैं और सरकार उनकी चिंताओं का समाधान करने में नाकाम रही है.

10:31 AM. 23 Jul 26 7 hrs ago

युवाओं का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : पीएम मोदी

NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में जारी विरोध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि युवाओं का भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा. पीएम मोदी ने यह भी ऐलान किया कि पेपर लीक के मामलों की जल्दी सुनवाई के लिए सरकार फास्ट-ट्रैक अदालतें बनाएगी, ताकि दोषियों को जल्द सख्त सजा मिल सके.

10:15 AM. 23 Jul 26 8 hrs ago

Parliament Session Live : कांग्रेस सांसद खरगे ने कहा- पहले धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, फिर होगी चर्चा

कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को राज्यसभा में NEET पेपर लीक, छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दे पर तुरंत चर्चा कराने की मांग की. इसके लिए उन्होंने नियम 267 के तहत नोटिस दिया. सुरजेवाला ने कहा कि वह 23 जुलाई 2026 को तय सदन के कामकाज को रोककर इन अहम मुद्दों पर पहले चर्चा कराना चाहते हैं, क्योंकि यह मामला लाखों छात्रों और देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार प्रभात खबर डिजिटल में Sr. Content writer हैं. पिछले 15 साल से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं.

अमिताभ 1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है.

प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है. 📩 संपर्क : amitabh.kumar@prabhatkhabar.in

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >