भारतीय युद्धपोत से भिड़ने के बाद पाकिस्तानी जहाज का हाल बेहाल, देखें टक्कर का VIDEO

भारत और पाकिस्तान के नौसैनिक जहाजों के बीच समंदर में जोरदार टक्कर हुई, जिसमें पाकिस्तानी जहाज को भारी नुकसान हुआ. भारत ने कड़ा ऐतराज जताते हुए पाकिस्तान को चेतावनी दी.

Pak ship collides with Indian vessel : समंदर में भारत और पाकिस्तान के युद्धपोतों के बीच मंगलवार शाम जोरदार टक्कर हो गई. पाकिस्तान का नौसैनिक जहाज 'पीएनएस हुनैन' (PNS Hunain) खुले समंदर में भारतीय नौसेना के एक बड़े लड़ाकू जहाज (डिस्ट्रॉयर) से टकरा गया.

इस टक्कर में पाकिस्तानी जहाज के आगे वाले हिस्से में बहुत बड़ा डेंट पड़ गया और उसका हुलिया बिगड़ गया. नुकसान इतना ज्यादा था कि पाकिस्तानी जहाज को अपनी गश्त बीच में ही छोड़कर मरम्मत के लिए तुरंत कराची बंदरगाह लौटना पड़ा. वहीं भारतीय युद्धपोत को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा और वह ओमान की खाड़ी की तरफ से आने वाले जहाजों को रास्ता दिखाने और सुरक्षा देने के काम में लगा रहा.

भारत ने पाकिस्तानी अफसर को बुलाकर लगाई फटकार

इस घटना के सामने आते ही भारत सरकार ने कड़ा एक्शन लिया. बुधवार सुबह ही विदेश मंत्रालय ने दिल्ली में मौजूद पाकिस्तान के उप-उच्चायुक्त को तलब कर लिया और समंदर में उनके नौसैनिकों की इस बचकानी और खतरनाक हरकत पर सख्त ऐतराज जताया.

भारत ने साफ कहा कि 1991 में दोनों देशों के बीच समझौता हुआ था कि समंदर में कोई भी सेना बिना बताए ऐसी खतरनाक हरकत नहीं करेगी. पाकिस्तानी जहाज ने इस नियम की धज्जियां उड़ाई हैं. भारत ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को चेतावनी दी कि अपने जहाजों को समझाकर रखें, ताकि दोबारा ऐसी नौबत न आए. इसके साथ ही पाकिस्तान में बैठे भारतीय अफसरों को भी वहां की सरकार के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराने को कहा गया.

पाकिस्तान का उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाला हाल

दूसरी तरफ, अपनी बेइज्जती छिपाने के लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी इस्लामाबाद में भारतीय अफसर को बुलाकर विरोध जताया. पाकिस्तान ने उलटा आरोप लगाया कि उनका जहाज तो अभ्यास कर रहा था और भारतीय जहाज ने जानबूझकर पास आकर कट मारा, जिससे दोनों जहाज रगड़ खा गए. पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि सामने वाला जहाज भारत का 'आईएनएस कोलकाता' था, जो टक्कर के बाद रफ्तार बढ़ाकर आगे निकल गया.

समंदर में उस शाम असल में क्या हुआ था?

द प्रिंट की रिपोर्ट में पाकिस्तान के दावों को पूरी तरह झूठा बताया गया है. सूत्रों का कहना है कि जिस इलाके में यह टक्कर हुई, वह खुला अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है और वहां कोई भी आ-जा सकता है.

असल में भारतीय जहाज खाड़ी देशों से आ रहे जहाजों को सुरक्षा दे रहा था. तभी पाकिस्तानी जहाज 'पीएनएस हुनैन' बहुत तेज रफ्तार में भारतीय जहाज के पीछे लग गया और रास्ता काटने की कोशिश करने लगा. भारतीय कैप्टन ने उसे पास आते देख रेडियो पर चेतावनी भी दी कि दूर रहो.

लेकिन पाकिस्तानी जहाज के कप्तान ने एकदम करीब आकर तेज मोड़ने की कोशिश की. रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि वे अपने जहाज को संभाल नहीं पाए और पाकिस्तानी जहाज का अगला हिस्सा भारतीय जहाज के दाएं हिस्से से जा टकराया. तेज टक्कर से हुनैन का अगला हिस्सा बुरी तरह धंस गया और उसमें दरार आ गई, जिसके बाद वह वहां से सीधा अपने बेस की तरफ भाग निकला.

कितना बड़ा और कैसा है 'PNS हुनैन'?

नया जहाज : यह पाकिस्तान का नया गश्ती जहाज है, जिसे रोमानिया की एक कंपनी ने बनाया था और जुलाई 2024 में ही पाकिस्तानी नौसेना में शामिल किया गया था.

लंबाई और रफ्तार : यह करीब 98 मीटर लंबा जहाज है. इस पर करीब 60 नौसैनिक रहते हैं और इसकी रफ्तार करीब 41 किलोमीटर प्रति घंटा है.

हथियार : इस पर छोटी तोपें, मिसाइलें और रडार सिस्टम लगे हैं. साथ ही इस पर एक हेलिकॉप्टर और ड्रोन उतारने की भी जगह है.


ये भी पढ़ें: 100% टैरिफ बिल के आगे नहीं झुकेगा भारत, कहा- देश की ऊर्जा सुरक्षा सबसे पहले

ये भी पढ़ें: MP Weather Today : आज फिर बदलेगा मौसम का मूड, गरज-चमक के साथ इन जिलों में हो सकती है बारिश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >