CM Rekha Gupta: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि सरकार ने विभागों में ईंधन खर्च पहले ही कम करना शुरू कर दिया है. अब केवल उतनी ही सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल किया जाएगा, जितनी बेहद जरूरी होंगी. जहां संभव होगा, वहां सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने बताया कि अधिकारियों के लिए तय मासिक पेट्रोल कोटा भी 20 प्रतिशत घटा दिया गया है. पहले जहां अधिकारियों को हर महीने 200 से 250 लीटर पेट्रोल मिलता था, अब इसे घटाकर 160 से 200 लीटर कर दिया गया है.
हर सोमवार मनाया जाएगा मेट्रो सोमवार- सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली सरकार ने हर सोमवार को मेट्रो सोमवार के रूप में मनाने का फैसला किया है. इसके तहत मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और सरकारी कर्मचारी जहां संभव होगा, वहां मेट्रो से सफर करेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ईंधन की बचत के साथ-साथ लोगों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रेरित करना है.
सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम
सरकार ने यह भी घोषणा की है कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी सप्ताह में दो दिन घर से काम करेंगे. इसके अलावा निजी कंपनियों से भी बातचीत की जाएगी, ताकि उनके कर्मचारियों को भी वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जा सके.
दफ्तरों के समय में भी बदलाव
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह साढ़े 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुलेंगे. वहीं, MCD कार्यालयों का समय सुबह साढ़े 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है.
दिल्लीवासियों से नो व्हीकल डे मनाने की अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के लोगों से सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी एक दिन चुनें और उस दिन निजी वाहनों के बजाय मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी.
