National Herald Corruption Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड से जुड़े धनशोधन मामले (Money Laundering Case) में पूछताछ के लिए लगातार तीसरे दिन 15 जून यानि बुधवार को तलब किया है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.
राहुल गांधी का बयान दर्ज करने में लग रहा है काफी समय
धनशोधन मामले में जांच एजेंसी के समक्ष कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की पेशी के दूसरे दिन मंगलवार को पूछताछ रात 9 बजे के बाद भी जारी रही और इसके जल्द ही समाप्त होने की उम्मीद है. 51 वर्षीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के कुछ समय बाद मध्य दिल्ली में एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित एजेंसी कार्यालय से निकलने की उम्मीद है. अधिकारियों ने कहा कि उन्हें फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया है और बयान दर्ज करने में काफी समय लग रहा है.
प्रियंका के साथ ईडी मुख्यालय पहुंचे थे राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अपनी बहन एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा (Priyanka Gandhi Vadra) के साथ ईडी मुख्यालय पहुंचे थे और उनसे पूर्वाह्न 11:30 बजे पूछताछ शुरू हुई. करीब 4 घंटे के पूछताछ के सत्र के बाद वह करीब अपराह्न साढ़े 3 बजे करीब एक घंटे के लिये बाहर निकले. वह शाम करीब साढ़े 4 बजे फिर से पूछताछ में शामिल हुए. केरल के वायनाड से सांसद गांधी ने सोमवार को संघीय एजेंसी के कार्यालय में 10 घंटे से अधिक समय बिताया था, जहां उनसे पूछताछ की गई और उनका बयान दर्ज किया गया था.
Also Read: Agneepath Scheme पर सियासी बवाल, कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार को घेरा, जानिए किसने क्या कहा…
Prabhat Khabar App: देश-दुनिया, बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस अपडेट, क्रिकेट की ताजा खबरे पढे यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए प्रभात खबर ऐप.
