ओडिशा तट के पास लौह अयस्क से लदा जहाज डूबा, 22 लापता; 2 का रेस्क्यू

ओडिशा के पारादीप तट से 240 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में समुद्री हादसा हुआ है. पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर डूब गया है, जिससे 22 लोग लापता हो गए हैं.

ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में समुद्री हादसा हो गया है. पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर( MV Ocean Winner) शनिवार को समुद्र में डूब गया. जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर सवार थे. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, इनमें 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे. हादसे के बाद 22 लोग लापता हैं, जबकि दो लोगों को लाइफ राफ्ट के जरिए सुरक्षित बचा लिया गया है. लापता क्रू मेंबरों की तलाश के लिए भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना की संयुक्त टीम अभियान चला रही है.

पारादीप से सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था जहाज

रिपोर्टों के मुताबिक, एमवी ओशन विनर 20 अगस्त की रात करीब 10:42 बजे पारादीप पोर्ट से रवाना हुआ था. जहाज में करीब 72,100 मीट्रिक टन आयरन ओर फाइन्स लदा था और वह सिंगापुर जा रहा था. जहाज की लंबाई करीब 225 मीटर और चौड़ाई करीब 32 मीटर बताई गई है.

संकट संदेश मिलने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

22 अगस्त को जहाज से संपर्क टूटने और संकट संदेश मिलने के बाद मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC), श्री विजयपुरम ने भारतीय सर्च एंड रेस्क्यू नेटवर्क को सक्रिय किया. भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने तुरंत खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया. नौसेना के P-8I समुद्री निगरानी विमान को भी तलाश अभियान में लगाया गया.

MT AISOPOS ने दो लोगों को लाइफ राफ्ट से बचाया

रेस्क्यू अभियान के दौरान आसपास मौजूद व्यावसायिक जहाज MT AISOPOS को मदद के लिए भेजा गया. इस जहाज ने दो अलग-अलग लाइफ राफ्ट से दो क्रू मेंबर को सुरक्षित बाहर निकाला. दोनों को चिकित्सा सहायता दी जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, बचाए गए लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की पुष्टि की जा रही है.

22 लापता लोगों की तलाश में तीन तटरक्षक जहाज तैनात

भारतीय तटरक्षक बल ने लापता 22 लोगों की तलाश के लिए ICGS Varad, ICGS Anmol और ICGS Vijit को अभियान में लगाया है. नौसेना का निगरानी विमान भी समुद्री क्षेत्र में तलाश कर रहा है. आसपास मौजूद अन्य जहाजों को भी लापता क्रू मेंबर और लाइफ राफ्ट की तलाश में मदद करने के लिए अलर्ट किया गया है.

हादसे की वजह अभी सामने नहीं आई

MV Ocean Winner के डूबने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है. अधिकारियों के मुताबिक, जहाज से संपर्क टूटने के बाद खोज अभियान शुरू किया गया और अब हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. ऐसे में खराब मौसम, तकनीकी खराबी, कार्गो से जुड़ी समस्या या किसी अन्य वजह को अभी हादसे का कारण बताना सही नहीं होगा.

समुद्र में खराब परिस्थितियां रेस्क्यू के लिए चुनौती

बंगाल की खाड़ी में गहरे समुद्र में चल रहे इस अभियान में लापता लोगों की तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. तटरक्षक बल, नौसेना और आसपास के व्यापारिक जहाज मिलकर समुद्री क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. अधिकारियों का पूरा ध्यान लापता 22 क्रू मेंबर का पता लगाने और संभावित लाइफ राफ्ट को खोजने पर है.

ये भी पढ़ें: 12 लाख की जमा-पूंजी पर चूहों का कहर! संदूक खोला तो कुतरे मिले नोट,सदमे में बेहोश हुई महिला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सत्येन्द्र गिरि

सत्येन्द्र गिरि प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. यहां वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करते हैं. सरल, तथ्यात्मक और पाठक-केंद्रित लेखन उनकी प्रमुख पहचान है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से मास्टर ऑफ आर्ट्स इन मास कम्युनिकेशन (बैच 2023–25) की डिग्री प्राप्त की है.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, डिजिटल मीडिया, रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहन समझ विकसित की. पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास एक वर्ष का पेशेवर अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला के गोरखपुर एडिशन से की, जहां समाचार लेखन और रिपोर्टिंग की बारीकियों को नजदीक से सीखने और समझने का अवसर मिला. इसके बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता में कदम रखते हुए प्रभात खबर डिजिटल से जुड़कर देश-विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य शुरू किया.

सत्येन्द्र की विशेष रुचि इतिहास, अंतरराष्ट्रीय संबंध, राजनीति, कूटनीति और समसामयिक घटनाक्रम से जुड़े विषयों में है. वे जटिल और गंभीर मुद्दों को भी सरल, संतुलित और विश्वसनीय तरीके से प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं. राष्ट्रीय और वैश्विक घटनाओं पर उनकी गहरी नजर रहती है तथा वे तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपनी कार्यशैली का आधार मानते हैं. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निवासी हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >