Mausam News: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है. मौसम विभाग ने एक के बाद एक कर तीन-तीन पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक की बात कही है. आईएमडी के मुताबिक इसके कारण देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक पहला विक्षोभ 10 फरवरी को, दूसरा 13 फरवरी, और तीसरा 16 से 17 फरवरी 2026 के दौरान एंट्री कर सकता है. एक के बाद एक तीन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से पश्चिमी हिमालयी इलाके में कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण मंगलवार (10 फरवरी) को बर्फबारी हुई. कई इलाकों में बादल छाए रहने के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगले अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है. मौसम विभाग के मुताबिक श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.1 डिग्री सेल्सिय अधिक है. गुलमर्ग कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. अनुमान है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी के साथ आंधी-तूफान, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं 16 फरवरी को पंजाब और हरियाणा चंडीगढ़ में कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने की संभावना है.
कई इलाकों में बढ़ सकता है न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 दिनों में पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. देश के बाकी हिस्सों में कम से कम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. वहीं अगले 24 घंटों में कोंकण और गोवा और तटीय कर्नाटक में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. वहीं 11 फरवरी तक मेघालय में कुछ जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है.
राजस्थान में अब बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रह सकता है. इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है. जयपुर स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पाली में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि कुछ इलाकों में आगामी दिनों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं. राज्य के अधिकतर इलाकों में आगामी चार से पांच दिन तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.
