'करगिल में देश को बचाया पर बीवी की इज्जत नहीं बचा पाया', निर्वस्त्र कर घुमायी गयी महिला के पति का छलका दर्द

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि थोउबल जिले की एक अदालत ने चारों आरोपियों को 31 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

मणिपुर में भीड़ द्वारा दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो सामने आने के बाद पूरा देश आक्रोशित है और घटना के विरोध में जगह जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं. इस मामले को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और मणिपुर की एन बीरेन सिंह सरकार पर भी लगातार हमला किया जा रहा है. बीरेन सिंह पर लगातार इस्तीफे का दबाव बढ़ता जा रहा है. देशभर में बवाल के बीच एक पीड़ित महिला के फौजी पति का बयान सामने आया है. जिसे सुनकर आप अंदर तक हिल जाएंगे.

‘करगिल में देश को बचाया पर बीवी की इज्जत नहीं बचा पाया’

मणिपुर में दो महिलाओं के साथ दरिंदगी का वीडियो सामने आया, उसमें एक पीड़िता के पति ने करगिल युद्ध में देश की रक्षा की थी. अब इस मामले में उनका बयान सामने आया है. करगिल युद्ध में हिस्सा ले चुके पूर्व सैन्यकर्मी ने अफसोस जताते हुए कहा कि उन्होंने देश की रक्षा की, लेकिन वह अपनी पत्नी को अपमानित होने से नहीं बचा सके. बताया जा रहा है कि पीड़िता के पति भारतीय सेना की असम रेजिमेंट में सूबेदार के तौर पर सेवा प्रदान कर चुके हैं.

पीड़िता के पति ने सुनायी 4 मई की दर्दनाक कहानी

पीड़िता के पति ने एक हिंदी समाचार चैनल से कहा, मैंने करगिल युद्ध में देश के लिए लड़ाई लड़ी और भारतीय शांति सेना के हिस्से के रूप में श्रीलंका में भी तैनात रहा था. मैंने देश की रक्षा की, लेकिन मैं निराश हूं कि अपनी सेवानिवृत्ति के बाद, मैं अपने घर, अपनी पत्नी और साथी ग्रामीणों की रक्षा नहीं कर सका… मैं दुखी और उदास हूं. उन्होंने कहा कि चार मई की सुबह एक भीड़ ने इलाके के कई घरों को जला दिया, दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर दिया और उन्हें लोगों के सामने गांव की पगडंडियों पर चलने के लिए मजबूर किया. पूर्व सैन्यकर्मी ने कहा, पुलिस मौजूद थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की. मैं चाहता हूं कि उन सभी लोगों को कड़ी सजा मिले, जिन्होंने घर जलाए और महिलाओं को अपमानित किया.

Also Read: ममता ने पीएम मोदी पर बोला हमला, मणिपुर की घटना से आपका दिल अब भी नहीं रोया

पीड़ित महिला का भी सामने आया दर्द भरा बयान

इस बीच, वीडियो में नजर आयी पीड़ित महिलाओं में से एक ने एक न्यूज पोर्टल से कहा कि उसे कुछ लोगों ने एक खेत में ‘लेट जाने’ को कहा. उसने कहा, तीन व्यक्तियों ने मुझे घेर लिया…. उनमें से एक ने कहा कि इसके साथ बलात्कार करें, पर उन्होंने ऐसा नहीं किया. महिला ने कहा कि वह भाग्यशाली है कि उन लोगों ने उसके साथ बलात्कार नहीं किया. महिला ने कहा, उन्होंने मेरी छाती पर हाथ फेरे.

मामले में चार लोगों को किया गया गिरफ्तार

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि थोउबल जिले की एक अदालत ने चारों आरोपियों को 31 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

सड़क से संसद तक विरोध प्रदर्शन

मणिपुर वीडियो मामले को लेकर सड़क से लेकर संसद तक विरोध प्रदर्शन जारी है. संसद के मानसून सत्र में लगातार दूसरे दिन भी मणिपुर हिंसा की प्रतिध्वनि सुनाई दी और इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान और चर्चा कराने की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा में कोई विधायी कामकाज नहीं हो सका. विपक्षी दलों ने मणिपुर मुद्दे पर केंद्र पर अपना हमला तेज कर दिया है. कांग्रेस ने मांग की कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राज्य सरकार को बर्खास्त करने के लिए अपनी शक्तियों का प्रयोग करें.

क्या है मामला

दरअसल मणिपुर में दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने और छेड़छाड़ का वीडियो बुधवार यानी 18 जुलाई को सामने आया था. जांच के बाद पता चला की घटना 4 मई को ही घटी थी. लगभग एक हजार लोगों की हथियारबंद भीड़ ने कांगपोकपी जिले के एक गांव पर हमला किया और मकानों में लूटपाट की, उनमें आग लगायी, हत्या की तथा दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया. 3 मई से मणिपुर हिंसा की आग में चल रहा है. अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में तीन मई को आयोजित ‘ट्राइबल सॉलिडारिटी मार्च’ (आदिवासी एकजुटता मार्च) के दौरान हिंसा भड़कने के बाद से राज्य में अब तक 160 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं तथा कई अन्य घायल हुए हैं. राज्य में मेइती समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं. वहीं, नगा और कुकी समुदाय के आदिवासियों की आबादी 40 प्रतिशत है और वे पर्वतीय जिलों में रहते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >