Maharashtra: सांसद संजय राउत ने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह एक जैविक चमत्कार माना जाना चाहिए कि 4 साल पुराने संगठन का जन्मदिन 60 साल पुराने संगठन की तरह मनाया गया. एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए राउत ने दोहराया कि असली शिवसेना का नेतृत्व अभी भी उद्धव बालासाहेब ठाकरे कर रहे हैं, जबकि शिंदे खेमा अमित शाह का बनाया हुआ टेस्ट ट्यूब बेबी है.
4 साल के ‘टेस्ट-ट्यूब बेबी’ को 60 साल का सर्टिफिकेट कैसे दे सकते हैं : संजय राउत
संजय राउत ने कहा, मैं कुछ डीएनए सैंपल जीव विज्ञान के प्रोफेसरों को अध्ययन के लिए भेजना चाहता था. मेरा मतलब है, वह समूह जो चार साल पहले बना था. आप जिस समूह की बात कर रहे हैं, वह अमित शाह का ‘टेस्ट-ट्यूब बेबी’ है. तो, आप चार साल के ‘टेस्ट-ट्यूब बेबी’ को 60 साल का सर्टिफिकेट कैसे दे सकते हैं?
संजय राउत ने शिंदे और शुभेंदु अधिकारी को बताया बेईमान
महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे के यह तो बस ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है वाले बयान पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, आप एकनाथ शिंदे को इतना गंभीरता से क्यों लेते हैं? उन्हें गंभीरता से लेना बंद करें. वह कोई महान व्यक्ति नहीं हैं. वह एक बेईमान नेता हैं, और आप उन्हें गंभीरता से लेते हैं! आप सुभेंदु अधिकारी को भी गंभीरता से लेते हैं. ये बेईमान लोग हैं. इन्होंने अपने ही लोगों को धोखा दिया है. जब तक वे सत्ता में हैं, जब तक उनके पास पैसा है, वे ऐसी बातें कहते रहेंगे.
