UP News : पुलिस हिरासत में मोहित पांडेय की मौत पर आया सीएम योगी का रिएक्शन, कहा-दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

UP News : उत्तर प्रदेश में पुलिस हिरासत में जान गंवाने वाले मोहित पांडेय के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है. सीएम ने सरकार की योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया है.

UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट थाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. यहां हिरासत में व्यापारी मोहित पांडेय की मौत के बाद विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है. इस बीच मृतक के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोमवार को मुलाकात की. प्रदेश के सीएम ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा, आवास, बच्चों की निःशुल्क शिक्षा और सरकार की योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया है.

जैनाबाद निवासी 30 साल के मोहित कुमार पांडेय को पुलिस ने शनिवार को एक मामले में हिरासत में लिया था. इसके बाद उसी दिन हिरासत में ही उनकी तबीयत खराब हो गयी. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मोहित पांडेय की मौत के बाद सोमवार को उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और अपना दर्द उनके साथ बयां किया. इस मुलाकात के दौरान बख्शी का तालाब क्षेत्र से बीजेपी विधायक योगेश कुमार शुक्ल, पार्षद शैलेंद्र वर्मा भी मौजूद रहे.

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: सीएम योगी

मृतक के परिजनों के मुलाकात के बाद एक सरकारी बयान जारी किया गया. बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा, आवास, बच्चों की निःशुल्क शिक्षा के अलावा सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. जो भी मामले में दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Read Also : सीएम योगी का दिवाली गिफ्ट, सरकारी कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए के साथ मिलेगा बोनस

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर सोमवार सुबह मोहित पांडेय की मां तपेश्वरी देवी, पत्नी और बच्चे पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी पीड़ा बयां की. मुलाकात के बाद कारोबारी के परिजन संतुष्ट दिखे. मोहित की मां तपेश्वरी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर हम संतुष्ट हैं. हमें उम्मीद है कि हमें न्याय मिलेगा.

पीड़ित परिवार की हर मांग पूरी की जाए: अखिलेश यादव

घटना के बाद बीजेपी सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई है. प्रमुख नेताओं ने घटना के बाद सरकार की तीखी आलोचना की. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि यूपी की राजधानी लखनऊ में पिछले 16 दिन में पुलिस हिरासत में मौत (हत्या पढ़ा जाए) का दूसरा समाचार मिला है. नाम बदलने में माहिर सरकार को अब ‘पुलिस हिरासत’ का नाम बदलकर ‘अत्याचार गृह’ रख देना चाहिए. पीड़ित परिवार की हर मांग पूरी की जाए, हम उनके साथ हैं.

प्रियंका गांधी ने कसा पुलिस पर तंज

मामले को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की भी प्रतिक्रिया आई. उन्होंने घटना को लेकर पुलिस पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के जंगलराज में पुलिस क्रूरता का पर्याय बन चुकी है. प्रियंका ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर किया और लिखा- लखनऊ में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया और अगली सुबह एक की मौत हो गयी. एक पखवाड़े में उत्तर प्रदेश पुलिस की हिरासत में यह दूसरी मौत है. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनके बेटे की हत्या कर दी.

(इनपुट पीटीआई)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >