घरेलू गैस सिलेंडर के फिर बढ़े दाम, केंद्र पर बरसा विपक्ष, कहा- सरकार को चुकानी होगी ‘कीमत’

LPG Price Hike: घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. सरकार ने प्रति सिलेंडर 29 रुपये का इजाफा किया है, जिसके बाद विपक्ष हमलावर हो गया है. कांग्रेस समेत कई दलों ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

LPG Price Hike: देशभर में घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है. केंद्र सरकार ने 7 जून से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. इसके बाद दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है. यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी की कीमतों में इजाफा किया गया है. इससे पहले मार्च 2026 में प्रति सिलेंडर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. इस तरह चार महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है.

कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला

घरेलू गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बढ़ती गैस कीमतों ने आम जनता की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि मोदी सरकार ने पिछले चार महीनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 89 रुपये बढ़ाए हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट संकट के दौरान कई देशों से ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने का दावा किया था, उसका क्या हुआ?

अधीर रंजन चौधरी बोले- लोगों की बढ़ेंगी मुश्किलें

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़ी परिस्थितियों के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है, लेकिन सरकार को यह भी सोचना चाहिए कि आम लोग बढ़ती महंगाई का सामना कैसे करेंगे. अधीर रंजन चौधरी ने कहा- देश के आम लोगों की आय पहले से ही दबाव में है और ऐसे समय में उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है.

शरद पवार ने भी साधा निशाना

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार ने भी बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है. उन्होंने कहा कि जरूरी चीजों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है. पवार ने कहा कि यदि सरकार इसे महंगाई नियंत्रण मानती है तो इसका अर्थ है कि जनता को किस्तों में झटके दिए जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि महंगाई का राजनीतिक असर भी देखने को मिलेगा और सरकार को इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है.

विजय वडेट्टीवार ने उठाए सवाल

वहीं महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने भी एलपीजी की बढ़ती कीमतों को लेकर बीजेपी की जमकर आलोचना की. उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा महंगाई के मुद्दे पर लगातार आंदोलन करती थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद ईंधन और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी पर उसकी प्रतिक्रिया बदल गई है. उन्होंने कहा कि हाल के सालों में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है.

Also Read: एलपीजी की कीमत में वृद्धि पर भड़के खरगे, बीजेपी नेताओं से पूछा-अब क्यों सिलेंडर लेकर सड़क पर नहीं बैठ रहे?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >