'राहुल गांधी हैं बालक बुद्धि, अभी तक परिपक्व नहीं हुए', कांग्रेस सांसद के अयोध्या वाले बयान पर भड़की बीजेपी

Rahul Gandhi Remark: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अयोध्या को लेकर दिए गए बयान से बीजेपी गुस्से में है. भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है.

Rahul Gandhi Remark: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा था कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उसी तरह हराएगी, जैसे उसने हालिया लोकसभा चुनाव में अयोध्या में उसे हराया. राहुल गांधी के इसी बयान पर पलटवार करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, राहुल गांधी जी बालक बुद्धि हैं. अभी तक परिपक्व नहीं हुए और ना अभी तक ठीक से नेता प्रतिपक्ष बने हैं. राम भारत की पहचान हैं. बिना भगवान श्री राम के भारत नहीं जाना जा सकता और आप कह रहे हैं कि राम मंदिर के आंदोलन को हरा दिया. इसी आंदोलन ने कई बार कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया. राहुल गांधी केवल झूठ बोलते हैं. वे झूठ बोलने और भ्रम फैलाने के अलावा कुछ नहीं जानते.

सुधांशु त्रिवेदी ने भी राहुल गांधी पर बोला हमला

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, धार्मिक मुद्दों पर संवेदनशीलता, सम्मान और गरिमा के साथ बात करें. मैं कहूंगा कि अहंकार छोड़ दें और धार्मिक मुद्दों पर सादगी, ईमानदारी और विनम्रता से बात करें. सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा, एक विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी संसद में कोई भी मुद्दा उठाने के लिए स्वतंत्र हैं. लेकिन, मैं उनसे कहना चाहूंगा कि ध्यान रखिए आप केवल विपक्ष में नहीं हैं. कांग्रेस कई राज्यों में सरकार में है, वहां काम करके दिखाएं. जब हम विपक्ष में थे, तो हमने काम करके गुजरात मॉडल दिखाया था.

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी राहुल गांधी पर बोला हमला

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, पहले तो राहुल गांधी समझ जाएं कि अयोध्या नहीं फैजाबाद लोकसभा है, अयोध्या उसकी एक विथानसभा है. हम लोग आकलन कर रहे हैं कि कहां पर चूक हुई. इसके बाद जहां हम लोग सीखते हुए मजबूती से आगे बढ़ेंगे वहीं इन लोगों का ये अहंकार इन्हें ले डूबेगा. 100 का आंकड़ा कांग्रेस पार नहीं कर पाई. मुझे नहीं लगता वे लंबे समय तक टिकने वाले हैं.

राहुल गांधी ने क्या दिया था बयान

अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था, भाजपा ने हमें धमकाकर और हमारे कार्यालय को नुकसान पहुंचाकर हमें चुनौती दी है. मैं आपको बताना चाहता हूं कि हम सब मिलकर उनकी सरकार को उसी तरह तोड़ देंगे जैसे उन्होंने हमारे कार्यालय को नुकसान पहुंचाया है. यह लिखकर ले लीजिए कि कांग्रेस गुजरात में चुनाव लड़ेगी और नरेंद्र मोदी एवं भाजपा को गुजरात में हराएगी, जैसा हमने अयोध्या में किया था. उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुजरात में जीतेगी और इस राज्य से वह एक नयी शुरुआत करेगी. पूर्व कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी ने अपने भाषण में उत्तर प्रदेश की फैजाबाद लोकसभा सीट से भाजपा की हार को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, अयोध्या के लोगों को गुस्सा तब आया जब उन्हें पता चला कि राम मंदिर के उद्घाटन के लिए एक भी स्थानीय व्यक्ति को आमंत्रित नहीं किया गया. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उनके सर्वेक्षकों ने उन्हें ऐसा न करने की सलाह देते हुए कहा कि वह हार जाएंगे और उनका राजनीतिक करियर खत्म हो जाएगा.

Also Read: TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ FIR, महिला आयोग की अध्यक्ष के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >